कर्राघाटी में मृत मिला तेंदुआ, दोनों घायल ग्रामीणों का इलाज जारी
प्रदीप साहू @ नगरी। धमतरी जिले के नगरी वन परिक्षेत्र अंतर्गत बिर्गुड़ी रेंज के कक्ष क्रमांक 464 स्थित ग्राम कर्राघाटी में शुक्रवार देर रात घर में घुसकर दो ग्रामीणों पर हमला करने वाला तेंदुआ शनिवार को मृत अवस्था में मिला।
वन विभाग के अनुसार, तेंदुआ अंजोर सिंह नेताम, पिता राजाराम के घर में मृत पाया गया। प्रारंभिक सूचना के बाद आशंका जताई जा रही थी कि तेंदुआ घायल ग्रामीण के घर में ही छिपा हुआ है। सूचना मिलते ही नगरी रेंज का पूरा वन अमला कर्राघाटी पहुंचा और सर्च अभियान चलाया, जिसके दौरान तेंदुआ मृत मिला।
घटना में घायल धरम नेताम (पिता बहादुर सिंह) और गांधी राम (पिता फागुराम) का शासकीय चिकित्सालय नगरी में उपचार जारी है। वन विभाग ने बताया कि दोनों ग्रामीणों की स्थिति फिलहाल स्थिर है।
एसडीओ वन संजय रौतिया ने बताया कि वन्यप्राणी हमले में घायल धरम नेताम को तत्काल सहायता के रूप में 5,000 रुपये तथा गांधी राम को 1,000 रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की गई है।
वन विभाग ने तेंदुए की मौत के कारणों की जांच शुरू कर दी है। नियमानुसार पोस्टमार्टम और अन्य कानूनी प्रक्रिया पूरी की जाएगी। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में वन विभाग की टीम सतर्क है।









