धमतरी। जिले के नगरी क्षेत्र एक अनियंत्रित पिकअप वाहन पलटने से करीब दर्जन भर लोग घायल हो गए हैं। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
मिली जानकारी के अनुसार, नगरी क्षेत्र के ग्राम मुकुंदपुर से करीब 25 से 26 लोग एक पिकअप वाहन में सवार होकर कोंगरा गांव में आयोजित एक दशगात्र कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। मंगलवार की रात जब सभी लोग कार्यक्रम संपन्न होने के बाद वापस अपने घर लौट रहे थे, तभी खड़पथरा गांव के पास मुख्य मार्ग पर चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया और पिकअप बीच सड़क पर ही पलट गई।
इस भीषण हादसे में वाहन में सवार करीब 12 लोग घायल हो गए हैं। दुर्घटना की आवाज सुनकर आस-पास के ग्रामीण और राहगीर तुरंत मदद के लिए दौड़े। सभी घायलों को आनन-फानन में इलाज के लिए नगरी के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।









