रायपुर/नई दिल्ली। सड़क दुर्घटना में घायल हुए भाजपा के छत्तीसगढ़ प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव की नई दिल्ली स्थित मेदांता अस्पताल में सफल ऑर्थो सर्जरी की गई। ऑपरेशन के बाद उनके स्वास्थ्य में तेजी से सुधार हो रहा है और चिकित्सकों ने उनकी स्थिति पूरी तरह सुरक्षित बताई है।
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रसिद्ध अस्थि रोग विशेषज्ञ डॉ. अतीक वसदेव और उनकी मेडिकल टीम की निगरानी में सोमवार को किरण देव की ऑर्थो सर्जरी सफलतापूर्वक संपन्न हुई। यह ऑपरेशन एक घंटे से अधिक समय तक चला, जिसमें मुख्य रूप से एसिटाबुलम (Acetabulum) फ्रैक्चर की सफल रिपेयर की गई।
स्वास्थ्य में तेजी से सुधार
सर्जरी के बाद किरण देव के स्वास्थ्य में लगातार सुधार दर्ज किया जा रहा है। डॉक्टरों के अनुसार उनकी स्थिति पूरी तरह सुरक्षित है और वे चिकित्सकीय निगरानी में स्वस्थ हो रहे हैं।









