25 सितंबर से 6 अक्टूबर तक होगा आंगन मिलन उत्सव

धमतरी। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जिले के सभी आंगनबाड़ी केन्द्रों में 25 सितंबर से 6 अक्टूबर 2026 तक आंगन मिलन उत्सव आयोजित किया जाएगा। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा इस संबंध में जिले की समस्त एकीकृत बाल विकास परियोजनाओं के परियोजना अधिकारियों को आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

आंगन मिलन उत्सव का उद्देश्य आंगनबाड़ी केन्द्रों से समुदाय की सहभागिता को और मजबूत करना तथा बच्चों एवं उनके परिवारों को आंगनबाड़ी केन्द्र की गतिविधियों से जोड़ना है।कार्यक्रम के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका पीले चावल देकर घर-घर जाकर ग्रामीणों को आंगन मिलन उत्सव में शामिल होने का न्यौता देंगी। इसके साथ ही ग्राम पंचायत स्तर पर मुनादी कराकर भी कार्यक्रम की जानकारी ग्रामीणों तक पहुंचाई जाएगी।

जिले की प्रत्येक परियोजना में सेक्टरवार क्लस्टर बनाए जाएंगे तथा संबंधित आंगनबाड़ी केन्द्रों में निर्धारित अवधि के दौरान आंगन मिलन उत्सव का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रमों की प्रभावी निगरानी के लिए पर्यवेक्षकों को आंगनबाड़ी केन्द्रों का नियमित मॉनिटरिंग करने की जिम्मेदारी दी गई है।

महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा परियोजना अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि आंगन मिलन उत्सव के आयोजन के लिए आवश्यक तैयारियां समयबद्ध रूप से पूरी करें तथा अधिक से अधिक परिवारों एवं समुदाय के सदस्यों की सहभागिता सुनिश्चित करें।

इसी क्रम में 27 सितंबर 2026 को कृषि उपज मंडी, कुरूद में जिला स्तरीय आंगन मिलन उत्सव कार्यक्रम प्रस्तावित है। जिला स्तरीय कार्यक्रम में आंगनबाड़ी केन्द्रों से जुड़े हितग्राहियों, कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं एवं समुदाय की सहभागिता रहेगी।

Hamar Dhamtari
Author: Hamar Dhamtari

Leave a Comment