फरसियां-बोड़रा मुख्य मार्ग पर बिजली गिरने से एक व्यक्ति की मौत , सिविल अस्पताल नगरी में तीन घायल व्यक्ति का उपचार जारी

प्रदीप साहू @ नगरी। लगातार हो रही बारिश के बीच बुधवार शाम नगरी ब्लॉक में आकाशीय बिजली गिरने से दर्दनाक हादसा हो गया। फरसियां-बोड़र्रा मुख्य मार्ग पर शाम करीब 6:30 से 7 बजे के बीच गाज गिरने से चार लोग इसकी चपेट में आ गए। हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

बताया जा रहा है कि घटना के समय क्षेत्र में तेज बारिश के साथ गरज-चमक हो रही थी। इसी दौरान अचानक आकाशीय बिजली सड़क पर मौजूद लोगों के पास आ गिरी। बिजली की चपेट में आने से गिरजा शंकर ध्रुव की मौत हो गई। वहीं जितेंद्र सिन्हा, पोषण ध्रुव और भूपेश ध्रुव गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से सभी को तत्काल शासकीय सिविल अस्पताल नगरी पहुंचाया गया। अस्पताल में चिकित्सकों ने गिरजा शंकर ध्रुव को मृत घोषित कर दिया, जबकि तीनों घायलों का उपचार जारी है। उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। बारिश के मौसम में आकाशीय बिजली की इस घटना से क्षेत्र में शोक का माहौल है।

Hamar Dhamtari
Author: Hamar Dhamtari

Leave a Comment