रायपुर… बंगाल की खाड़ी से सक्रिय मौसम प्रणाली का असर छत्तीसगढ़ में लगातार देखने को मिल रहा है। मौसम विभाग ने 25 सितंबर को भी रायपुर समेत प्रदेश के कई जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। पिछले 24 घंटे में छत्तीसगढ़ के अधिकांश स्थानों पर बारिश दर्ज की गई। वहीं, एक-दो स्थानों पर भारी बारिश भी हुई है।
मौसम विभाग के मुताबिक, उत्तरी तटीय आंध्र प्रदेश और उससे लगे दक्षिण ओडिशा के ऊपर बना डीप डिप्रेशन करीब 10 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ रहा है। 24 सितंबर की सुबह 11.30 बजे यह 18.7 डिग्री उत्तरी अक्षांश और 83.4 डिग्री पूर्वी देशांतर के आसपास केंद्रित था।
इस मौसम प्रणाली के प्रभाव से छत्तीसगढ़ के कई हिस्सों में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। इसके साथ ही कुछ इलाकों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का भी अलर्ट है।










