बाढ़ प्रभावित गांवों में स्वास्थ्य सेवाओं की विशेष व्यवस्था

धमतरी। जिले में लगातार बारिश एवं जलभराव से प्रभावित गांवों में जिला प्रशासन द्वारा स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने के लिए विशेष स्वास्थ्य दल गठित कर तैनात किए जा रहे हैं। प्रभावित गांवों में स्वास्थ्य विभाग की टीमें पहुंचकर ग्रामीणों की स्वास्थ्य जांच करेंगी तथा आवश्यकतानुसार उपचार एवं दवाइयां उपलब्ध कराएंगी।
मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री जयंत नाहटा ने स्वास्थ्य अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि प्रभावित गांवों में शीघ्र स्वास्थ्य दल गठित कर तैनात किए जाएं। प्रत्येक दल में आवश्यक स्वास्थ्यकर्मी शामिल रहेंगे तथा दलों के नोडल अधिकारी एवं संपर्क नंबर निर्धारित किए जाए । स्वास्थ्य दलों की तैनाती प्रभावित गांवों की सूची के आधार पर की जाए ।
स्वास्थ्य दलों को आवश्यक दवाइयां, प्राथमिक उपचार सामग्री, ओआरएस, मच्छरदानी सहित अन्य जरूरी स्वास्थ्य सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी। बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में रहने वाली आबादी की स्वास्थ्य जांच के दौरान विशेष रूप से बुखार एवं अन्य जलजनित तथा मौसमी बीमारियों के लक्षणों की जांच की जाएगी। आवश्यकता होने पर मरीजों को आगे के उपचार के लिए स्वास्थ्य केंद्रों में रेफर किया जाएगा।
इसके साथ ही प्रभावित क्षेत्रों में मच्छरों से बचाव के लिए मच्छरदानियों का व्यापक वितरण किया जाएगा। स्वास्थ्य विभाग द्वारा उपलब्ध मच्छरदानियों का आंकलन कर आवश्यकता के अनुरूप प्रभावित परिवारों तक उनका वितरण सुनिश्चित किया जा रहा है।
उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में स्वास्थ्य संबंधी किसी भी आवश्यकता पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करें तथा स्वास्थ्य दलों की तैनाती, जांच, दवा वितरण एवं मच्छरदानी वितरण की नियमित जानकारी उपलब्ध कराएं।

Hamar Dhamtari
Author: Hamar Dhamtari

Leave a Comment