धमतरी। शहर के चर्चित CG05 रेस्टोरेंट-लॉज में 22 वर्षीय युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। इस मामले ने इलाके में सनसनी फैला दी है। युवती का शव मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी है। रविवार को FSL की टीम के साथ कोतवाली पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू की।
जानकारी के मुताबिक मृतका की पहचान पिंकी मानिकपुरी (22 वर्ष), निवासी कवर्धा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि युवती 24 सितंबर से CG05 रेस्टोरेंट/लॉज में ठहरी हुई थी। कमरे से शव बरामद होने के बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई।
युवती की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसे लेकर पुलिस कई पहलुओं पर जांच कर रही है। FSL टीम ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। वहीं पुलिस पूरे रेस्टोरेंट और लॉज परिसर की बारीकी से जांच कर रही है, ताकि घटना से जुड़े अहम सुराग मिल सकें।









