Dhamtari: सेवा संकल्प अभियान, शिविर में किसानों को मिला योजनाओं का लाभ

पीएम किसान सम्मान निधि के पंजीयन प्रमाण पत्र और मृदा स्वास्थ्य कार्ड का किया गया वितरण, वैज्ञानिक खेती के लिए दी गई उपयोगी जानकारी

धमतरी। सेवा, सुविधा और शासन की योजनाओं का लाभ ग्रामीणों तक सीधे पहुंचाने के उद्देश्य से जिले में आयोजित किए जा रहे सेवा संकल्प शिविर ग्रामीण क्षेत्रों के लिए उपयोगी मंच बन रहे हैं। इसी क्रम में कुरुद विकासखंड के ग्राम पंचायत मंडेली में आयोजित सेवा संकल्प अभियान अंतर्गत शिविर में कृषि विभाग द्वारा किसानों को विभिन्न किसान हितैषी योजनाओं की जानकारी देने के साथ योजनाओं से संबंधित सेवाएं उपलब्ध कराई गईं। शिविर में किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के पंजीयन प्रमाण पत्र तथा मृदा स्वास्थ्य कार्ड वितरित किए गए।
मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री जयंत नाहटा के निर्देशानुसार आयोजित शिविर में कृषि विभाग के अधिकारियों एवं मैदानी अमले ने किसानों से सीधे संवाद कर उनकी आवश्यकताओं, समस्याओं और जिज्ञासाओं की जानकारी ली। अधिकारियों ने किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के संबंध में पात्रता, पंजीयन प्रक्रिया तथा योजना से मिलने वाले लाभों की विस्तारपूर्वक जानकारी दी। पंजीयन प्रमाण पत्र प्राप्त होने से किसानों को योजना में अपने पंजीयन की स्थिति की जानकारी मिली तथा शासन की किसान कल्याणकारी योजनाओं से निरंतर जुड़े रहने के लिए प्रोत्साहन मिला।

मृदा स्वास्थ्य कार्ड से समझाया पोषक तत्वों का संतुलन

शिविर में किसानों को मृदा स्वास्थ्य कार्ड का वितरण भी किया गया। अधिकारियों ने बताया कि मृदा स्वास्थ्य कार्ड में उपलब्ध जानकारी किसानों को अपनी भूमि की आवश्यकता के अनुरूप पोषक तत्वों और उर्वरकों के उपयोग में मार्गदर्शन प्रदान करती है। किसानों को मृदा परीक्षण के आधार पर नाइट्रोजन, फास्फोरस, पोटाश सहित आवश्यक पोषक तत्वों का संतुलित उपयोग करने की सलाह दी गई।

कृषि विभाग के मैदानी अमले ने किसानों को बताया कि मिट्टी की वास्तविक स्थिति को समझकर आवश्यकतानुसार उर्वरकों का उपयोग करने से अनावश्यक कृषि लागत को कम करने, मिट्टी की उर्वरता बनाए रखने तथा फसल उत्पादन को अधिक प्रभावी बनाने में सहायता मिलती है। किसानों को मिट्टी की गुणवत्ता के संरक्षण के साथ संतुलित एवं वैज्ञानिक कृषि पद्धतियां अपनाने के लिए भी प्रेरित किया गया।

किसानों की समस्याओं का मौके पर किया गया समाधान

सेवा संकल्प शिविर में किसानों ने कृषि विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं एवं उपलब्ध सेवाओं की जानकारी प्राप्त की। विभागीय अधिकारियों ने किसानों की समस्याओं और जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए उन्हें पात्रता के अनुसार योजनाओं का लाभ लेने की प्रक्रिया समझाई। किसानों को विभागीय सेवाओं का लाभ लेने के लिए आवश्यक दस्तावेज, पंजीयन तथा संबंधित प्रक्रियाओं की जानकारी भी दी गई।
सेवा संकल्प शिविरों का मूल उद्देश्य शासन की योजनाओं और सेवाओं को ग्रामीणों के द्वार तक पहुंचाना तथा पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाना है। किसानों को पीएम किसान सम्मान निधि के पंजीयन प्रमाण पत्र और मृदा स्वास्थ्य कार्ड का वितरण इसी दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि किसानों को योजनाओं का लाभ दिलाने के साथ-साथ उन्हें आधुनिक, वैज्ञानिक और टिकाऊ कृषि पद्धतियों के प्रति जागरूक करना भी आवश्यक है। उन्होंने विभागीय अधिकारियों एवं मैदानी अमले को गांव-गांव पहुंचकर किसानों को योजनाओं की जानकारी देने तथा पात्र किसानों को शासन की योजनाओं से जोड़ने के निर्देश दिए। इस अवसर पर कृषि विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, मैदानी अमला एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण किसान उपस्थित रहे।

Hamar Dhamtari
Author: Hamar Dhamtari

Leave a Comment

मुख्यमंत्री ने सुकमा जिले के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का किया दौरा, पीड़ित परिवारों से मिलकर जाना हाल, बाढ़ प्रभावित करीब 300 परिवारों को मुख्यमंत्री राहत कोष से मिलेंगे 10-10 हजार रुपये अतिरिक्त