Dhamtari: विश्व रेबीज दिवस पर जिलेभर में जागरूकता एवं निःशुल्क एंटी रेबीज टीकाकरण अभियान

धमतरी। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत विश्व रेबीज दिवस के अवसर पर जिले में रेबीज बीमारी की रोकथाम, पशु स्वास्थ्य संरक्षण तथा जन-जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विभिन्न विकासखंडों में जागरूकता एवं निःशुल्क एंटी रेबीज टीकाकरण अभियान आयोजित किया गया। अभियान के दौरान पशुपालकों एवं विद्यार्थियों को रेबीज से बचाव के उपायों, पालतू श्वानों के समुचित रखरखाव तथा नियमित टीकाकरण के महत्व की जानकारी दी गई।

विकासखंड धमतरी के नूतन हायर सेकेंडरी स्कूल में डॉ. मयंक पटेल एवं डॉ. एस. मरकाम द्वारा विद्यार्थियों को रेबीज बीमारी, इसके कारण, संक्रमण के संभावित माध्यम एवं बचाव के उपायों की जानकारी दी गई। विद्यार्थियों में जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से ‘रेबीज बीमारी एवं उसकी रोकथाम’ विषय पर निबंध प्रतियोगिता भी आयोजित की गई।

इसी तरह विकासखंड कुरूद के ग्राम मरौद में डॉ. अनुराधा यादव द्वारा विद्यार्थियों को रेबीज के प्रति जागरूक किया गया तथा बीमारी से बचाव के लिए आवश्यक सावधानियों की जानकारी दी गई। पशु औषधालय सिवनीकला के अंतर्गत विद्यालय में सहायक पशु चिकित्सा क्षेत्र अधिकारी श्री ललित साहू द्वारा रेबीज से बचाव एवं पालतू पशुओं के स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की गई।

अभियान के दौरान जिले की विभिन्न पशु चिकित्सा संस्थाओं में 79 श्वानों का निःशुल्क एंटी रेबीज टीकाकरण किया गया। आवश्यकता के अनुसार श्वानों को कृमिनाशक दवा भी दी गई। साथ ही श्वान पालकों को पशुओं के उचित रखरखाव, पोषण प्रबंधन, समय पर टीकाकरण तथा श्वानों में होने वाली अन्य बीमारियों की पहचान एवं रोकथाम के संबंध में आवश्यक मार्गदर्शन दिया गया।

पशु चिकित्सा विभाग द्वारा नागरिकों से अपील की गई कि पालतू श्वानों का नियमित टीकाकरण कराएं, पशुओं के व्यवहार में असामान्य परिवर्तन दिखाई देने पर सावधानी बरतें तथा किसी भी संदिग्ध स्थिति में तत्काल निकटतम पशु चिकित्सा संस्था से संपर्क करें। रेबीज से बचाव के लिए जन-जागरूकता और समय पर टीकाकरण को महत्वपूर्ण उपाय बताया गया।

Hamar Dhamtari
Author: Hamar Dhamtari

Leave a Comment

मुख्यमंत्री ने सुकमा जिले के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का किया दौरा, पीड़ित परिवारों से मिलकर जाना हाल, बाढ़ प्रभावित करीब 300 परिवारों को मुख्यमंत्री राहत कोष से मिलेंगे 10-10 हजार रुपये अतिरिक्त