सितंबर माह का खाद्यान्न वितरण अब 15 अक्टूबर तक

29 सितंबर तक 71 लाख राशनकार्डधारियों को 90 प्रतिशत चावल का वितरण

रायपुर। राज्य में सार्वजनिक वितरण प्रणाली के अंतर्गत माह सितंबर एवं अक्टूबर 2026 के लिए खाद्यान्न का आबंटन जारी कर दिया गया है। माह सितंबर का खाद्यान्न राज्य की उचित मूल्य दुकानों में भंडारित किया जा चुका है तथा राशनकार्डधारियों को खाद्यान्न वितरण की कार्यवाही सभी जिलों में जारी है।

खाद्य विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार 29 सितंबर 2026 तक राज्य के 71 लाख राशनकार्डधारियों को माह सितंबर का 90 प्रतिशत चावल वितरित किया जा चुका है। शेष राशनकार्डधारियों को भी उचित मूल्य दुकानों के माध्यम से खाद्यान्न वितरण का कार्य निरंतर जारी है।

माह सितंबर में वर्षा एवं अन्य कारणों से 30 सितंबर तक खाद्यान्न वितरण की प्रक्रिया पूर्ण नहीं होने की स्थिति को देखते हुए राज्य शासन द्वारा राशनकार्डधारियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सितंबर 2026 के खाद्यान्न वितरण की अवधि 15 अक्टूबर 2026 तक बढ़ाई गई है। इससे शेष राशनकार्डधारी निर्धारित अवधि में अपनी उचित मूल्य दुकान से माह सितंबर का खाद्यान्न प्राप्त कर सकेंगे।

खाद्य विभाग के अधिकारी ने बताया कि राशनकार्डधारियों को समय पर खाद्यान्न उपलब्ध कराना राज्य शासन की प्राथमिकता है। सितंबर माह के खाद्यान्न वितरण की स्थिति की सभी जिलों में नियमित निगरानी की जा रही है। उचित मूल्य दुकानों में खाद्यान्न के भंडारण एवं वितरण की भी सतत मॉनिटरिंग की जा रही है, ताकि किसी भी पात्र राशनकार्डधारी को खाद्यान्न प्राप्त करने में कठिनाई न हो। राज्य के सभी जिलों में खाद्यान्न वितरण का कार्य प्रचलित है। विभाग द्वारा उचित मूल्य दुकानों में खाद्यान्न की उपलब्धता तथा वितरण व्यवस्था की नियमित समीक्षा की जा रही है। राशनकार्डधारियों से अपील की गई है कि वे निर्धारित अवधि के भीतर अपनी उचित मूल्य दुकान से सितंबर माह का खाद्यान्न प्राप्त कर लें।

Hamar Dhamtari
Author: Hamar Dhamtari

Leave a Comment