धमतरी। विवेकानंद वार्ड क्रमांक 37 स्थित अटल आवास भवन में प्लास्टर गिरने की घटना के संबंध में नगर पालिक निगम धमतरी द्वारा तत्काल जांच कर आवश्यक कार्रवाई की गई है। निगम द्वारा स्थल का निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लिया गया तथा संबंधित आवास में निवासरत श्री रोशन टण्डन को सुरक्षा की दृष्टि से अन्यत्र निवास स्थान पर शिफ्ट होने की समझाइश दी गई है।
जांच में पाया गया कि उक्त अटल आवास का निर्माण लगभग 20 वर्ष पूर्व हुआ है। भवन पुराना होने तथा छत के आंतरिक रखरखाव एवं रिपेयरिंग का कार्य समय पर नहीं होने के कारण बारिश के दौरान सीलन से छत के प्लास्टर का कुछ हिस्सा 20 सितंबर 2026 को गिर गया था। घटना में श्री रोशन टण्डन को आंशिक चोट आई थी।
नगर निगम द्वारा भवन की वर्तमान स्थिति को देखते हुए संबंधित परिवार को सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट होने की सलाह दी गई है। साथ ही उन्हें शासन की नवीन AHP (Affordable Housing Project) परियोजना के तहत आवास प्राप्त करने के संबंध में भी जानकारी दी गई है।
नगर निगम द्वारा पुराने एवं जर्जर आवासों को चरणबद्ध रूप से रिक्त कराकर उनके स्थान पर नवीन आवास भवन निर्मित करने की कार्ययोजना पर भी कार्य किया जा रहा है। इसी क्रम में कुल 145 नवीन आवासों से संबंधित 02 AHP परियोजनाओं का प्रस्ताव राज्य शासन/सूडा संचालनालय को भेजा जा चुका है।
नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि पुराने आवासों में निवासरत परिवारों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए आवश्यक निरीक्षण एवं समझाइश की कार्रवाई की जा रही है तथा नवीन आवास परियोजनाओं के माध्यम से पात्र परिवारों को सुरक्षित एवं बेहतर आवास उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य जारी है।








