धमतरी। मगरलोड में तेज बारिश के दौरान नाले में बही 14 साल की छात्रा तराना निषाद का शव 3 दिन बाद बरामद किया गया.आपको बता दें कि बच्ची की तलाश में 26 सितंबर से पुलिस,एसडीआरएफ और नगर सैनिक गोताखोरों की टीम लगी थी. छात्रा का शव महानदी के सौंगा क्षेत्र से बरामद किया गया.
मगरलोड थाना क्षेत्र के मेघा गांव की रहने वाली 14 वर्षीय तराना निषाद 26 सितंबर को मेघा स्थित पेट्रोल पंप के पास गई थी. इसी दौरान वह नाले के पास खेल रही थी. उस समय जिले में तेज बारिश हो रही थी और नदी-नाले उफान पर थे. खेलते समय अचानक तराना नाले में गिर गई और पानी के तेज बहाव के साथ बह गई.
हादसे की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों और परिजनों में हड़कंप मच गया. परिजन बच्ची को खोजने के लिए मौके पर पहुंचे और पुलिस को इसकी सूचना दी गई. घटना की गंभीरता को देखते हुए मगरलोड पुलिस ने तत्काल सर्चिंग अभियान शुरू किया. इसके बाद एसडीआरएफ की टीम और नगर सैनिक गोताखोरों को भी तलाशी अभियान में लगाया गया.
शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा. फिलहाल पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।









