Dhamtari: सेवा संकल्प अभियान, कमारपारा स्कूल के 15 विद्यार्थियों को मिला जूता-मोजा

सीईओ जिला पंचायत जयंत नाहटा के निर्देश पर त्वरित पहल, स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों की मौजूदगी में हुआ वितरण

धमतरी। सेवा संकल्प अभियान अंतर्गत ग्रामीण क्षेत्रों में अध्ययनरत बच्चों की मूलभूत आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए उन्हें बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने की दिशा में जिला प्रशासन द्वारा निरंतर पहल की जा रही है। इसी क्रम में जिला पंचायत धमतरी के मुख्य कार्यपालन अधिकारी  जयंत नाहटा के निर्देश के परिपालन में शासकीय प्राथमिक शाला कमारपारा, पिपरहीभर्री-कौहाबाहरा में अध्ययनरत सभी 15 विद्यार्थियों को जूता एवं मोजा वितरित किया गया। इनमें 5 बालक एवं 10 बालिकाएं शामिल हैं।

उल्लेखनीय है कि जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी जयंत नाहटा द्वारा विद्यालय के निरीक्षण के दौरान विद्यार्थियों से संवाद कर उनकी शैक्षणिक आवश्यकताओं एवं उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली गई थी। निरीक्षण के दौरान विद्यार्थियों के लिए जूता-मोजा की आवश्यकता सामने आने पर उन्होंने विद्यालय प्रबंधन को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए थे। निर्देश के परिपालन में विद्यालय प्रबंधन द्वारा आवश्यक प्रक्रिया पूर्ण कर सभी विद्यार्थियों के लिए जूता-मोजा उपलब्ध कराया गया।

विद्यालय परिसर में आयोजित वितरण कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों की उपस्थिति में कक्षा पहली से पांचवीं तक अध्ययनरत विद्यार्थियों को जूता-मोजा प्रदान किया गया। सामग्री प्राप्त कर विद्यार्थियों के चेहरे पर खुशी दिखाई दी। ग्रामीणों एवं जनप्रतिनिधियों ने बच्चों की आवश्यकता को संवेदनशीलता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई किए जाने की सराहना की।

विद्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार जूता-मोजा प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों में रौकी, अंशिका, रेणुका, समीर, प्रतिभा, शिवन्या, रोशन लाल, रागिनी, पूजा, सपना, संजय कुमार, कामिनी, सुधराम, रविना एवं दामिनी शामिल हैं।

बच्चों की जरूरतों के प्रति संवेदनशील पहल

जूता-मोजा जैसी आवश्यक सामग्री उपलब्ध होने से विद्यार्थियों को विद्यालय आने-जाने में सुविधा मिलेगी तथा उनके दैनिक शैक्षणिक जीवन में भी सहूलियत होगी। विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यालयों में अध्ययनरत बच्चों की छोटी-छोटी आवश्यकताओं का समय पर समाधान उनके विद्यालयीन अनुभव को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। ऐसी पहल से विद्यार्थियों में विद्यालय आने के प्रति उत्साह और अपनत्व की भावना को भी बढ़ावा मिलता है।

इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधन द्वारा बताया गया कि विद्यार्थियों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए समय-समय पर स्थानीय स्तर पर उपलब्ध संसाधनों एवं प्रशासनिक सहयोग का बेहतर उपयोग किया जा रहा है। विद्यालय में बच्चों के लिए स्वच्छ, सुरक्षित एवं अनुकूल शैक्षणिक वातावरण बनाए रखने पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

बच्चों की सुविधा और बेहतर शैक्षणिक वातावरण प्राथमिकता

जिला पंचायत धमतरी के मुख्य कार्यपालन अधिकारी जयंत नाहटा ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यालयों में अध्ययनरत बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ आवश्यक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना भी महत्वपूर्ण है। विद्यालय निरीक्षण के दौरान विद्यार्थियों की आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए जूता-मोजा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए थे, जिसके परिपालन में विद्यालय के सभी 15 विद्यार्थियों को सामग्री वितरित कर दी गई है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की सुविधा, विद्यालयों की आवश्यकताओं और शैक्षणिक वातावरण से जुड़े विषयों पर प्रशासन द्वारा आवश्यकतानुसार निरंतर ध्यान दिया जाएगा।

जिला प्रशासन की यह पहल ‘सेवा संकल्प अभियान’ की भावना के अनुरूप बच्चों की आवश्यकताओं के प्रति संवेदनशीलता, त्वरित कार्रवाई और सामुदायिक सहभागिता को बढ़ावा देने की दिशा में एक सार्थक कदम है।

Hamar Dhamtari
Author: Hamar Dhamtari

Leave a Comment