Dhamtari: जी-जामगांव में नुक्कड़ नाटक से नशामुक्ति का संदेश

सेवा संकल्प अभियान के तहत ग्रामीणों को नशे के दुष्परिणामों और उपचार-पुनर्वास की दी गई जानकारी

धमतरी। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत समाज कल्याण विभाग द्वारा नशामुक्त भारत अभियान के तहत ग्राम जी-जामगांव में जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में नेहरू युवा केंद्र के सहयोग से स्थानीय विद्यार्थियों ने नुक्कड़ नाटक एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से नशे के दुष्परिणामों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया। विद्यार्थियों ने नशे से होने वाले शारीरिक, मानसिक, सामाजिक एवं आर्थिक नुकसान को रेखांकित करते हुए ग्रामीणों से नशे से दूर रहने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया।

नुक्कड़ नाटक के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि नशे की लत केवल व्यक्ति को ही प्रभावित नहीं करती, बल्कि पूरे परिवार और समाज पर इसका प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए परिवार, विद्यालय और समुदाय की सामूहिक भूमिका को भी रेखांकित किया गया। विद्यार्थियों और शिक्षकों ने ‘नमो सेवा गाथा’ गीत की प्रस्तुति के माध्यम से सेवा, सामाजिक जिम्मेदारी और सकारात्मक सोच का संदेश दिया। विभागीय योजनाओं एवं जनकल्याणकारी गतिविधियों की जानकारी भी गीत एवं संवाद के माध्यम से सहज रूप में ग्रामीणों तक पहुंचाई गई।

कार्यक्रम में उपस्थित विद्यार्थियों, ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों एवं अन्य सहभागियों ने नशामुक्त समाज के निर्माण की शपथ ली। समाज कल्याण विभाग के अधिकारियों ने नशे की लत से प्रभावित व्यक्तियों के उपचार, परामर्श एवं पुनर्वास के लिए उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी देते हुए कहा कि नशे की समस्या से जूझ रहे व्यक्ति को तिरस्कार नहीं, बल्कि उपचार और सहयोग की आवश्यकता होती है। ग्रामीणों से अपील की गई कि वे ऐसे व्यक्तियों को उपचार एवं परामर्श के लिए आगे लाएं तथा उनके पुनर्वास में परिवार और समाज की सकारात्मक भूमिका सुनिश्चित करें।

कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों को नशे के विरुद्ध जागरूकता को केवल एक अभियान तक सीमित न रखते हुए इसे दैनिक जीवन में व्यवहारिक रूप से अपनाने का संदेश दिया गया। विशेष रूप से युवाओं से खेल, शिक्षा, रचनात्मक गतिविधियों एवं सामाजिक कार्यों से जुड़ने का आह्वान किया गया, ताकि उनमें सकारात्मक ऊर्जा और जिम्मेदारी की भावना विकसित हो सके।

जिला प्रशासन एवं प्रशिक्षण दल द्वारा कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में नशे के विरुद्ध व्यापक जनजागरूकता विकसित करना, युवाओं को नशे से दूर रखना तथा नशे की समस्या से प्रभावित लोगों के उपचार एवं पुनर्वास के प्रति संवेदनशील वातावरण तैयार करना रहा। कार्यक्रम में विद्यार्थी, शिक्षक, ग्रामीण, जनप्रतिनिधि एवं विभागीय अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

Hamar Dhamtari
Author: Hamar Dhamtari

Leave a Comment