धमतरी। सेवा संकल्प अभियान के तहत विकासखंड नगरी के ग्राम डोंगरडुला स्थित हायर सेकेंडरी स्कूल में विद्यार्थियों के लिए रेबीज जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पशु चिकित्सक डॉ. अमित नागेश ने विद्यार्थियों को रेबीज बीमारी के कारण, संक्रमण के तरीके, लक्षणों तथा बचाव के उपायों की विस्तारपूर्वक जानकारी दी।
डॉ. नागेश ने बताया कि रेबीज एक गंभीर बीमारी है, जो संक्रमित पशु के काटने अथवा खरोंच लगने से फैल सकती है। उन्होंने विद्यार्थियों को समझाया कि कुत्ते या अन्य संदिग्ध संक्रमित पशु के काटने अथवा खरोंच लगने की स्थिति में घाव को तत्काल साबुन और बहते पानी से कम से कम 15 मिनट तक अच्छी तरह धोना चाहिए। इसके बाद बिना देरी किए नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में पहुंचकर चिकित्सकीय परामर्श एवं आवश्यक रेबीज टीकाकरण कराना चाहिए।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों को पालतू कुत्तों का समय पर टीकाकरण कराने, पशुओं के साथ सुरक्षित एवं सावधानीपूर्वक व्यवहार करने तथा पशु काटने की घटना को नजरअंदाज नहीं करने के लिए प्रेरित किया गया। विद्यार्थियों से कहा गया कि वे रेबीज से बचाव संबंधी जानकारी अपने परिवार और आसपास के लोगों तक भी पहुंचाएं, ताकि समय पर सावधानी बरतकर बीमारी के जोखिम को कम किया जा सके।
कार्यक्रम में विद्यालय के प्राचार्य महेश्वर सिंह जयसिंघु, व्याख्याता एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में रेबीज के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ समय पर प्राथमिक उपचार, टीकाकरण और पशुओं के साथ सुरक्षित व्यवहार के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना रहा।








