धमतरी। शहर से लगे श्यामतराई इलाके में एक मकान में संदिग्ध गतिविधियों की सूचना के बाद पुलिस ने दबिश देकर 18 लोगों को हिरासत में लिया है। पुलिस की कार्रवाई के अगले दिन बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने मकान का घेराव कर विरोध जताया। ग्रामीणों ने नारेबाजी करते हुए मामले के मुख्य सरगना की गिरफ्तारी और संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। विरोध के दौरान कुछ देर तक मौके पर हंगामे की स्थिति भी बनी रही।
जानकारी के मुताबिक श्यामतराई गांव के एक मकान में संदिग्ध गतिविधियां संचालित होने की सूचना पुलिस को मिली थी। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर मकान में दबिश दी। कार्रवाई के दौरान वहां मौजूद 18 लोगों को पुलिस ने हिरासत में लिया और सभी को पूछताछ के लिए थाने लाया गया। पुलिस के अनुसार, हिरासत में लिए गए लोगों के खिलाफ धारा 151 के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद अगले दिन ग्रामीणों में नाराजगी देखने को मिली। बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्र होकर उक्त मकान के पास पहुंचे और उसका घेराव कर विरोध प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने नारेबाजी करते हुए आरोप लगाया कि मकान में पिछले 3 से 4 वर्षों से अनैतिक गतिविधियां संचालित होने की शिकायतें सामने आती रही हैं।
ग्रामीणों ने कहा कि पुलिस की हालिया कार्रवाई के बाद भी वे पूरे मामले में जिम्मेदार लोगों के खिलाफ ठोस कदम चाहते हैं। ग्रामीणों के मुताबिक मकान में अक्सर संदिग्ध लोगों का आना-जाना लगा रहता था। उनका आरोप है कि इससे गांव के माहौल पर असर पड़ रहा था और युवाओं पर भी इसका गलत प्रभाव पड़ रहा था। ग्रामीणों ने कहा कि इस तरह की गतिविधियों की वजह से गांव की छवि भी खराब हो रही है।









