कोरिया। जिले के पटना थाना क्षेत्र के ग्राम सांवारावा में पिकअप और ऑटो के बीच जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर में 3 महिलाओं की मौत हो गई, जबकि 6 महिलाएं घायल हो गईं। दुर्घटना के बाद पिकअप चालक मौके से फरार हो गया।
मिली जानकारी के अनुसार, ऑटो में करीब 15 लोग सवार थे। सभी बिलारो गांव में आयोजित दशगात्र कार्यक्रम में शामिल होकर अपने गांव करहीपारा छिंदिया लौट रहे थे। इसी दौरान ग्राम सांवारावा के पास एक पिकअप वाहन ने ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे में फुलकुंवर पति महेंद्र सिंह (50 वर्ष), रामबाई पति रामकुमार (60 वर्ष) और फुलकुंवर पति जगजीवन (60 वर्ष) कि मौत हो गई । तीनों महिलाएं करहीपारा छिंदिया की निवासी थीं। घटना के बाद घायलों को पटना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने तीन महिलाओं को मृत घोषित कर दिया। वहीं, छह घायल महिलाओं का उपचार जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही पटना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच में जुट गई। पुलिस फरार पिकअप वाहन और उसके चालक की तलाश कर रही है।










