मगरलोड। सेवा संकल्प अभियान अंतर्गत छत्तीसगढ़ शासन के महत्वाकांक्षी सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत विकासखंड मगरलोड के ग्राम सिंगपुर में स्वास्थ्य विभाग द्वारा इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (IMA) धमतरी के सहयोग से विशाल स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया गया। शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य विभाग की टीम ने ग्रामीणों को एक ही स्थान पर स्वास्थ्य जांच, उपचार, चिकित्सकीय परामर्श और विभिन्न शासकीय स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उपलब्ध कराया। शिविर में कुल 140 लोगों ने ओपीडी के माध्यम से स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लिया। उत्कृष्ठ कार्य करने बाली 16 मिताननि नों को सम्मानित किया गया ।
कार्यक्रम की अध्यक्षता जनपद पंचायत मगरलोड के अध्यक्ष वीरेंद्र कुमार साहू ने की। इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य टीकाराम कंवर, भाजपा मंडल मगरलोड अध्यक्ष रोहित मोहन साहू, भाजपा जिला धमतरी के जिला उपाध्यक्ष विजय यदु, जनपद सदस्य मगरलोड हेमलता ध्रुव तथा ग्राम पंचायत सिंगपुर के सरपंच लोमेश्वर कुमार साहू सहित जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
शिविर में IMA धमतरी के चिकित्सकों डॉ. विभोर नंदा (एम.एस. सर्जन), डॉ. भूपेंद्र सोनी (आयुष) एवं डॉ. अनिल जैन (स्त्री रोग विशेषज्ञ) सहित अन्य चिकित्सकों ने सेवाएं प्रदान कीं। ग्रामीणों की सामान्य स्वास्थ्य जांच एवं उपचार के साथ नेत्र परीक्षण, महिला स्वास्थ्य जांच, गर्भवती माताओं की जांच, बीपी एवं शुगर जांच, टीबी परीक्षण, मलेरिया जांच, हीमोग्लोबिन एवं सिकलिंग जांच जैसी आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई गईं। इसके साथ ही आयुष्मान कार्ड एवं नेत्रदान पंजीयन की सुविधा भी दी गई।
25 कुपोषित बच्चों को प्रोटीन पाउडर एवं दवाइयां वितरित
शिविर में 52 बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। इनमें चिन्हांकित 25 कुपोषित बच्चों को प्रोटीन पाउडर एवं आवश्यक दवाइयां वितरित की गईं। साथ ही उनके अभिभावकों को बच्चों के शारीरिक विकास के लिए संतुलित एवं पौष्टिक आहार, नियमित स्वास्थ्य निगरानी और बच्चों की देखभाल के संबंध में आवश्यक परामर्श दिया गया। इससे बच्चों के स्वास्थ्य एवं पोषण को लेकर परिवारों में जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया गया।
विभिन्न स्वास्थ्य जांचों से ग्रामीणों को मिला सीधा लाभ
शिविर के दौरान 48 हितग्राहियों की हीमोग्लोबिन जांच, 15 की सिकलिंग जांच और एक व्यक्ति की मलेरिया जांच की गई। वहीं 6 गर्भवती माताओं का स्वास्थ्य परीक्षण, 16 लोगों का नेत्र परीक्षण तथा 5 लोगों का नेत्रदान हेतु पंजीयन किया गया। जरूरतमंद हितग्राहियों को प्रधानमंत्री भारतीय जन औषधि योजना के माध्यम से आवश्यक दवाइयां भी उपलब्ध कराई गईं।
शिविर में स्वास्थ्य विभाग के विभिन्न स्टॉलों के माध्यम से ग्रामीणों को स्वास्थ्य योजनाओं, बीमारियों की रोकथाम, पोषण, नियमित स्वास्थ्य जांच तथा उपलब्ध शासकीय स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी दी गई। विशेषज्ञ चिकित्सकों से सीधे परामर्श मिलने से ग्रामीणों को अपने स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के समाधान के लिए उपयोगी चिकित्सकीय मार्गदर्शन प्राप्त हुआ।
इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अरुण तोंडर ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित स्वास्थ्य शिविरों का उद्देश्य ग्रामीण एवं जरूरतमंद लोगों को उनके घर के नजदीक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है। ऐसे शिविरों के माध्यम से स्वास्थ्य समस्याओं की समय पर पहचान, आवश्यक जांच एवं उपचार के साथ लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया जा रहा है। विशेषज्ञ चिकित्सकों और स्वास्थ्य विभाग के मैदानी अमले के समन्वित प्रयास से ग्रामीणों को एक ही स्थान पर विभिन्न स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिलना इस पहल की महत्वपूर्ण विशेषता है।
कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, विशेषज्ञ चिकित्सक, स्वास्थ्य कार्यकर्ता एवं मैदानी अमला सक्रिय रूप से मौजूद रहा। सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से सिंगपुर एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों तक स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच बढ़ाने और समय पर जांच, उपचार एवं परामर्श उपलब्ध कराने की दिशा में यह शिविर उपयोगी पहल साबित हुआ।









