धमतरी। डायवर्शन प्रकरण में रिश्वत मांगने की शिकायत पर शिकायतकर्ता प्रकाश चंद्राकर की शिकायत के आधार पर एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने कार्रवाई की है। एंटी करप्शन ब्यूरो ने एसडीएम कार्यालय की भू-अर्जन शाखा में पदस्थ सहायक ग्रेड-3 पुनेश्वर सूर्यवंशी को कथित तौर पर 10 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ लिया। कार्रवाई की खबर सामने आते ही कुरूद में अधिकारी-कर्मचारियों के बीच हड़कंप की स्थिति बन गई।
जानकारी के अनुसार, प्रकाश चंद्राकर ने ACB में शिकायत की थी कि डायवर्शन संबंधी कार्य के लिए पुनेश्वर सूर्यवंशी द्वारा कथित तौर पर ₹20 हजार की मांग की जा रही है। शिकायत के सत्यापन के बाद ACB ने ट्रैप कार्रवाई की योजना बनाई। तय योजना के तहत शिकायतकर्ता द्वारा 10 हजार की रिश्वत राशि दिए जाने के दौरान ACB टीम ने पुनेश्वर सूर्यवंशी को कथित तौर पर रंगे हाथ पकड़ लिया।
कार्रवाई के दौरान DSP रैंक के अधिकारी राजेश चौधरी के साथ करीब 4 से 5 सदस्यीय ACB टीम मौके पर पहुंची। कार्रवाई के बाद टीम ने संबंधित दस्तावेजों और मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच शुरू कर दी।









