Dhamtari : रूद्री में योग एवं ध्यान कार्यक्रम 6 अक्टूबर को

धमतरी। छत्तीसगढ़ शासन के सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत नागरिकों को स्वस्थ जीवनशैली, मानसिक शांति और शारीरिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से योग एवं ध्यान कार्यक्रम का आयोजन 6 अक्टूबर को किया जाएगा। जिला प्रशासन एवं आयुष विभाग, जिला धमतरी के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में नागरिकों को योग एवं ध्यान के नियमित अभ्यास के लिए प्रेरित किया जाएगा।

कार्यक्रम का आयोजन रूद्रेश्वर महादेव मंदिर परिसर स्थित खेल मैदान, रूद्री में सुबह 6 बजे से 7 बजे तक किया जाएगा। कार्यक्रम में योग प्रशिक्षकों द्वारा प्रतिभागियों को विभिन्न योगासनों, प्राणायाम एवं ध्यान का अभ्यास कराया जाएगा। साथ ही योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने तथा स्वस्थ एवं संतुलित जीवनशैली अपनाने के संबंध में जानकारी दी जाएगी।
योग एवं ध्यान शारीरिक स्वास्थ्य के साथ-साथ मानसिक एकाग्रता, तनाव प्रबंधन और सकारात्मक जीवनशैली को बढ़ावा देने में सहायक हैं।

सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से जिले में स्वास्थ्य, स्वच्छता, जनभागीदारी और सामाजिक सरोकारों से जुड़े विभिन्न कार्यक्रमों के जरिए नागरिकों को सक्रिय सहभागिता के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
जिला प्रशासन ने नागरिकों से कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर योग एवं ध्यान के माध्यम से स्वस्थ जीवन की ओर कदम बढ़ाने की अपील की है। कार्यक्रम में शामिल होने वाले प्रतिभागी सुविधानुसार योगाभ्यास के लिए आवश्यक चटाई साथ ला सकते हैं।

Hamar Dhamtari
Author: Hamar Dhamtari

Leave a Comment