आईटीआई उत्तीर्ण युवाओं को अप्रेंटिसशिप एवं रोजगार के अवसर मिलेंगे
धमतरी। स्थानीय युवाओं को उद्योगों एवं प्रतिष्ठानों में अप्रेंटिसशिप प्रशिक्षण तथा रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था (आईटीआई) कुरुद, जिला धमतरी में प्रधानमंत्री राष्ट्रीय अप्रेंटिसशिप मेला (PMNAM) का आयोजन किया जाएगा। यह मेला 12 अक्टूबर 2026, सोमवार को प्रातः 9 बजे से आईटीआई कुरुद परिसर में आयोजित होगा।
अप्रेंटिसशिप मेला युवाओं और स्थानीय उद्योगों एवं प्रतिष्ठानों के बीच रोजगार एवं कौशल प्रशिक्षण के अवसरों को जोड़ने का प्रभावी माध्यम होगा। मेले में जिले के विभिन्न उद्योग एवं प्रतिष्ठान अप्रेंटिसशिप प्रशिक्षण अथवा प्लेसमेंट के लिए शामिल हो सकेंगे। इसके माध्यम से आईटीआई उत्तीर्ण प्रशिक्षणार्थियों को अपनी योग्यता एवं तकनीकी कौशल के अनुरूप रोजगार की संभावनाओं से जुड़ने का अवसर मिलेगा। मेले में भाग लेने के इच्छुक आईटीआई उत्तीर्ण युवा अपने आवश्यक दस्तावेजों के साथ निर्धारित तिथि एवं समय पर आईटीआई कुरुद में उपस्थित हो सकते हैं। अभ्यर्थियों को अपने शैक्षणिक एवं तकनीकी प्रमाण-पत्र, आधार कार्ड, बैंक पासबुक, पासपोर्ट साइज फोटो सहित अन्य आवश्यक दस्तावेज साथ लाने की सलाह दी गई है।
अप्रेंटिसशिप मेला के दौरान Apprenticeship India Portal पर नए पंजीयन के साथ पूर्व में पंजीकृत अभ्यर्थियों के लिए ।Activation की सुविधा भी आईटीआई परिसर में उपलब्ध रहेगी। इच्छुक उद्योग एवं प्रतिष्ठान भी पोर्टल पर पंजीयन कर मेले में सहभागी बन सकते हैं। पोर्टल के माध्यम से अप्रेंटिसशिप से संबंधित प्रक्रिया को सरल एवं पारदर्शी तरीके से पूरा किया जा सकेगा।
जिला प्रशासन एवं औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था द्वारा जिले के अधिक से अधिक उद्योगों, प्रतिष्ठानों एवं आईटीआई उत्तीर्ण युवाओं से इस अप्रेंटिसशिप मेले में सहभागिता करने की अपील की गई है, ताकि स्थानीय स्तर पर उपलब्ध रोजगार एवं कौशल विकास के अवसरों का अधिकतम लाभ युवाओं को मिल सके।
अधिक जानकारी एवं पंजीयन के लिए मेला पोर्टल https://www.apprenticeshipindia.gov.in पर ज्यादा से ज्यादा उद्योगों एवं प्रतिष्ठानों का पंजीकृत किया जा सकता है |









