धमतरी। जिले के मगरलोड थाना क्षेत्र से पेट्रोल पंप में आगजनी की कोशिश का मामला सामने आया है. मेघा स्थित माता रानी फ्यूल्स पेट्रोल पंप को आग लगाकर बड़ी वारदात को अंजाम देने की कोशिश की गई.
मामला मगरलोड थाना क्षेत्र के मेघा गांव स्थित माता रानी फ्यूल्स पेट्रोल पंप का है. जानकारी के मुताबिक देर रात करीब 11:30 बजे एक युवक पेट्रोल पंप पहुंचा और कर्मचारियों से गाली-गलौज करते हुए विवाद करने लगा. कुछ देर बाद वह वहां से चला गया. लेकिन करीब दो घंटे बाद रात लगभग 1:30 बजे संदिग्ध युवक फिर पेट्रोल पंप पहुंचा. इस बार उसने पेट्रोल-डीजल मशीन के पास खड़ी कर्मचारियों की दो मोटरसाइकिलों को निशाना बनाया और माचिस से दोनों बाइकों में आग लगा दी. आग की लपटें उठती देख कर्मचारियों में हड़कंप मच गया. कर्मचारियों ने तत्काल फायर एक्सटिंग्विशर का इस्तेमाल कर आग बुझाई.
पेट्रोल पंप संचालक की ओर से मगरलोड थाने में लिखित शिकायत दी गई है. फुटेज और बाकी तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की तलाश की जा रही है- भावना पांडेय, एसपी धमतरी










