Dhamtari : गणेश विसर्जन में धुमाल पार्टी से विवाद, तलवार व लाठी लहराने वाले 3 आरोपी गिरफ्तार

धमतरी। गणेश विसर्जन में धुमाल पार्टी से विवाद कर तलवार व लाठी लहराने वाले 3 आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया। आरोपियों से तलवार, बेसबॉल और हॉकी स्टिक बरामद किया गया। आरोपियों को  न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है।

‘रूद्राक्ष धुमाल पार्टी’ (सांकरा, नगरी) के संचालक अपने साथियों सहित बांसपारा धमतरी के गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान बाजा बजा रहे थे। मराठा पारा मंगल भवन के पास आरोपीगण पहुंचे और अपनी मर्जी के मुताबिक धुमाल बजाने का दबाव बनाने लगे। मना करने पर आरोपियों ने एक राय होकर रामबाग के पास बेसबॉल स्टिक, हॉकी स्टिक और धारदार तलवार लेकर गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। साथ ही तलवार लहराकर दहशत फैलाते हुए धुमाल पार्टी के सदस्यों से मारपीट की तथा बाजा व वाहन में तोड़फोड़ कर नुकसान पहुंचाया।

प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना सिटी कोतवाली में अपराध क्रमांक 232/2026 धारा 296, 115(2), 351(2), 3(5) बीएनएस तथा 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर विवेचना में लिया गया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपियों रितेश पेंदरिया उर्फ रितू, जतीश साहू उर्फ डुई, अमरचंद पटेल उर्फ छोटू को तलब कर पूछताछ की, जिसमें आरोपियों ने अपना जुर्म स्वीकार किया। तीनों आरोपियों को  न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है। प्रकरण में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश सरगर्मी से जारी है।

 

Hamar Dhamtari
Author: Hamar Dhamtari

Leave a Comment