गरियाबंद। छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में नक्सल उन्मूलन अभियान के तहत सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता मिली है। मैनपुर थाना क्षेत्र के जंगलों में चलाए गए सर्च ऑपरेशन के दौरान जवानों ने नक्सलियों द्वारा जमीन के नीचे छिपाकर रखे गए विस्फोटकों का जखीरा बरामद किया है। इस नक्सल डंप से टिफिन आईईडी, यूबीजीएल राउंड, कोडेक्स वायर सहित कई अन्य सामान मिले हैं। संभावित खतरे को देखते हुए बम निरोधक दस्ते ने विस्फोटक सामग्री को मौके पर ही सुरक्षित तरीके से नष्ट कर दिया।
जानकारी के अनुसार, छत्तीसगढ़ को नक्सल मुक्त घोषित किए जाने के बाद भी सुरक्षा एजेंसियां जंगलों में माओवादियों द्वारा छिपाए गए हथियारों, विस्फोटकों और अन्य सामग्री की तलाश में लगातार अभियान चला रही हैं। इसी क्रम में गरियाबंद जिले के मैनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत कुल्हाड़ीघाट, कठवा और गंवरमुड़ के जंगलों में विशेष तलाशी अभियान चलाया गया। इस कार्रवाई में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) की 65वीं बटालियन और जिला पुलिस बल की संयुक्त टीम शामिल रही। जवानों ने जंगल के संवेदनशील इलाकों में सघन तलाशी अभियान चलाते हुए संदिग्ध स्थानों की जांच की।
सर्च ऑपरेशन के दौरान गोवरमुंडा क्षेत्र में एक पुलिया के पास जवानों को संदिग्ध सामग्री दिखाई दी। खतरे की आशंका को देखते हुए सुरक्षाबलों ने तत्काल आसपास के इलाके की घेराबंदी कर दी।










