पुलिस स्मृति दिवस पर रक्षित केंद्र रूद्री में अमर शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि, वीरता, त्याग और सर्वोच्च बलिदान को किया नमन

धमतरी। पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर रक्षित केंद्र रूद्री, धमतरी में गरिमामय एवं भावपूर्ण श्रद्धांजलि समारोह आयोजित किया गया। समारोह में देश की आंतरिक सुरक्षा, कानून-व्यवस्था एवं नागरिकों की रक्षा करते हुए अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर पुलिस जवानों को श्रद्धासुमन अर्पित कर नमन किया गया। उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों, जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों ने शहीदों के अदम्य साहस, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्र के प्रति समर्पण को स्मरण करते हुए उनके बलिदान के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की।

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक  भावना पांडेय ने शहीद जवानों के नामवली का वाचन कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने शहीदों के साहस, त्याग और कर्तव्य के प्रति अटूट निष्ठा को पुलिस बल की गौरवशाली परंपरा का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि देश और समाज की सुरक्षा के लिए अपने प्राण न्योछावर करने वाले वीर जवान सदैव हमारे प्रेरणास्रोत रहेंगे। उनका सर्वोच्च बलिदान पुलिस बल के प्रत्येक सदस्य को निष्ठा, साहस एवं समर्पण के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने की प्रेरणा देता रहेगा।

श्रद्धांजलि समारोह के दौरान परि.सूबेदार ललिता मरावी,एवं तापेश्वर सिंह राजपूत के नेतृत्व में पुलिस जवानों ने शोक शस्त्र के साथ शहीद परेड कर वीर शहीदों को सलामी दी। उपस्थित सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने मौन धारण कर अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके पश्चात शहीद स्मारक पर पुष्प अर्पित कर राष्ट्र एवं समाज की सुरक्षा के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर सपूतों के प्रति सम्मान एवं कृतज्ञता प्रकट की गई।

उल्लेखनीय है कि 21 अक्टूबर 1959 को लद्दाख के हॉट स्प्रिंग्स क्षेत्र में चीनी सैनिकों के हमले में शहीद हुए 10 केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के जवानों की स्मृति में प्रत्येक वर्ष 21 अक्टूबर को पुलिस स्मृति दिवस मनाया जाता है। यह दिवस देश की सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के दौरान अपने प्राणों का बलिदान देने वाले पुलिसकर्मियों के प्रति सम्मान व्यक्त करने का अवसर है।

समारोह में 01 सितंबर 2025 से 31 अगस्त 2026 तक देशभर में कर्तव्य निर्वहन के दौरान शहीद हुए 154 वीर पुलिस जवानों सहित जिले के शहीद जवानों को भी श्रद्धापूर्वक याद किया गया। उनके बलिदान को देश की सुरक्षा, शांति और नागरिकों की रक्षा के प्रति समर्पण का सर्वोच्च उदाहरण बताया गया।

शहीद जवानों के परिजनों से आत्मीय भेंट कर जाना कुशलक्षेम, त्याग और बलिदान को किया नमन
कार्यक्रम के उपरांत पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना पांडेय, महापौर श्री रामू रोहरा,अपर कलेक्टर एवं एसडीएम ने शहीद जवानों के परिजनों से आत्मीय मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना तथा संवाद के माध्यम से उनकी भावनाओं, समस्याओं एवं आवश्यकताओं को संवेदनशीलता से समझा। इस अवसर पर राष्ट्र की सुरक्षा एवं कर्तव्य निर्वहन के दौरान अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर जवानों के अदम्य साहस, शौर्य, त्याग और राष्ट्रभक्ति को नमन करते हुए उनके परिजनों के प्रति गहरा सम्मान एवं कृतज्ञता व्यक्त की गई। समारोह का संचालन सेवानिवृत्त प्राध्यापक  चंद्रशेखर शर्मा ने किया।

Hamar Dhamtari
Author: Hamar Dhamtari

Leave a Comment