छिपली गांव में रामलीला मंचन के दौरान अचानक लगी आग, तीन कलाकार झुलसे

धमतरी।   विजयादशमी के अवसर पर नगरी ब्लॉक के छिपली गांव में रावण दहन से पहले रामलीला मंचन के दौरान अचानक आग लग गई। इस घटना में हनुमान, अंगद और वानर सेना का किरदार निभा रहे तीन कलाकार झुलस गए। घायलों को तत्काल नगरी सिविल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद दो कलाकारों को बेहतर इलाज के लिए धमतरी रेफर किया गया है।

जानकारी के मुताबिक, छिपली गांव में मंगलवार को रावण दहन से पहले परंपरा के अनुसार मंच पर रामलीला का मंचन किया जा रहा था। भगवान श्रीराम, हनुमान और अन्य पात्रों की भूमिका निभाने वाले कलाकार मंच पर मौजूद थे। इसी दौरान मंच पर स्प्रे का इस्तेमाल किया जा रहा था।  तभी अचानक आग भड़क उठी और उसकी चपेट में तीन कलाकार आ गए।

इस हादसे में हनुमान का किरदार निभा रहे तोषण साहू, अंगद की भूमिका में मौजूद हेमंत ध्रुव और वानर सेना का पात्र निभा रहे दीपांशु सोम झुलस गए। मंच पर मौजूद लोगों ने किसी तरह आग बुझाई और तीनों घायलों को तत्काल नगरी सिविल अस्पताल पहुंचाया।

अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद हेमंत ध्रुव और दीपांशु सोम की स्थिति को देखते हुए उन्हें धमतरी रेफर कर दिया गया। दोनों का उपचार जारी है।

Hamar Dhamtari
Author: Hamar Dhamtari

Leave a Comment