कृषक सम्मेलन सह ‘खेत बचाओ अभियान’ का शुभारंभ 22 अक्टूबर को

‘स्वस्थ धरा–समृद्ध किसान’ के संदेश के साथ किसानों को तिलहन उत्पादन बढ़ाने और कृषि भूमि के संरक्षण के लिए किया जाएगा प्रेरित

धमतरी । खाद्य तेल एवं तिलहन मिशन के अंतर्गत जिले में कृषक सम्मेलन सह ‘खेत बचाओ अभियान’ कार्यक्रम का शुभारंभ 22 अक्टूबर को किया जाएगा। नवीन कृषि उपज मंडी, श्यामतराई, धमतरी में प्रातः 10 बजे आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य किसानों को तिलहन उत्पादन के प्रति प्रोत्साहित करने, कृषि भूमि के संरक्षण के महत्व के प्रति जागरूक करने तथा टिकाऊ एवं लाभकारी खेती को बढ़ावा देने की दिशा में प्रेरित करना है।

‘स्वस्थ धरा–समृद्ध किसान’ की मूल भावना पर आधारित यह पहल कृषि को अधिक टिकाऊ, उत्पादक और लाभकारी बनाने के साथ किसानों की आय में वृद्धि की दिशा में महत्वपूर्ण साबित हो सकती है। खाद्य तेल एवं तिलहन मिशन के माध्यम से तिलहन फसलों के उत्पादन को प्रोत्साहन देकर खाद्य तेलों की घरेलू उपलब्धता बढ़ाने और आयात पर निर्भरता कम करने के राष्ट्रीय लक्ष्य को भी बल मिलता है।

कार्यक्रम में किसानों को कृषि भूमि की उर्वरता बनाए रखने, प्राकृतिक संसाधनों के समुचित उपयोग, फसल विविधीकरण तथा स्थानीय परिस्थितियों के अनुरूप खेती की बेहतर पद्धतियां अपनाने के लिए प्रेरित किया जाएगा। साथ ही, तिलहन फसलों की खेती को बढ़ावा देकर कृषि क्षेत्र में नए अवसरों के सृजन और किसानों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने पर जोर रहेगा।
उप संचालक कृषि ने जिले के किसानों से इस कृषक सम्मेलन में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर कार्यक्रम का लाभ उठाने की अपील की है।

Hamar Dhamtari
Author: Hamar Dhamtari

Leave a Comment