अम्बिकापुर में 26वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ, पांच संभागों के 595 खिलाड़ी दिखाएंगे अपनी प्रतिभा

सांसद  चिंतामणि महाराज ने बास्केट में बॉल डालकर किया चार दिवसीय प्रतियोगिता का शुभारंभ

फुटबॉल, बास्केटबॉल, बैडमिंटन और सॉफ्ट टेनिस की विभिन्न आयु वर्गों में होंगी प्रतियोगिताएं

रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ हुआ शुभारंभ, बस्तर, बिलासपुर, दुर्ग, रायपुर और सरगुजा संभाग के खिलाड़ी ले रहे हिस्सा

रायपुर। सरगुजा संभाग के मुख्यालय अम्बिकापुर में शुक्रवार को 26वीं छत्तीसगढ़ राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता 2026 का रंगारंग शुभारंभ हुआ। शासकीय बहुउद्देशीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय (मल्टीपरपज स्कूल) के खेल मैदान में आयोजित चार दिवसीय प्रतियोगिता का उद्घाटन सरगुजा सांसद चिंतामणि महाराज ने बास्केट में बॉल डालकर किया। प्रतियोगिता में प्रदेश के बस्तर, बिलासपुर, दुर्ग, रायपुर और सरगुजा संभाग के 595 खिलाड़ी एवं प्रतिभागी शामिल हो रहे हैं। शुभारंभ समारोह में विद्यार्थियों ने बिहू नृत्य, पारंपरिक गीत-संगीत और आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से प्रदेश की सांस्कृतिक विविधता की झलक प्रस्तुत की।

उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए सांसद  चिंतामणि महाराज ने कहा कि खेल विद्यार्थियों के शारीरिक एवं मानसिक विकास के साथ उनके व्यक्तित्व निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। खेलों से अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, टीम भावना और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा जैसे गुण विकसित होते हैं। उन्होंने कहा कि खेल केवल जीत और हार तक सीमित नहीं हैं, बल्कि यह जीवन में चुनौतियों का सामना करने, निरंतर प्रयास करने और सफलता की दिशा में आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं। खेलों के माध्यम से आपसी सद्भाव, सहयोग और राष्ट्रीय एकता की भावना भी मजबूत होती है।
सांसद श्री महाराज ने प्रतियोगिता में शामिल सभी संभागों के खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि प्रत्येक खिलाड़ी को पूरी लगन, अनुशासन और खेल भावना के साथ अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना चाहिए। उन्होंने कहा कि हार और जीत जीवन का अभिन्न हिस्सा हैं, लेकिन एक अच्छे खिलाड़ी की पहचान उसके समर्पण, मेहनत और सकारात्मक खेल भावना से होती है। उन्होंने खिलाड़ियों को निरंतर अभ्यास के माध्यम से अपनी प्रतिभा निखारने और राज्य स्तर से आगे बढ़कर राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में प्रदेश और देश का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया। सांसद ने सभी खिलाड़ियों को प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं।

अम्बिकापुर में 23 से 26 अक्टूबर तक आयोजित इस राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता में फुटबॉल, बास्केटबॉल, बैडमिंटन और सॉफ्ट टेनिस की स्पर्धाएं आयोजित की जा रही हैं। प्रतियोगिता के अंतर्गत 19 वर्ष आयु वर्ग के बालकों की फुटबॉल, 14 एवं 17 वर्ष आयु वर्ग की बालिकाओं की बास्केटबॉल तथा 17 एवं 19 वर्ष आयु वर्ग के बालक-बालिकाओं की बैडमिंटन और सॉफ्ट टेनिस प्रतियोगिताएं शामिल हैं।
इस आयोजन में प्रदेश के पांचों संभागों से आए खिलाड़ियों को अपनी खेल प्रतिभा प्रदर्शित करने, प्रतिस्पर्धात्मक अनुभव प्राप्त करने और उच्च स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं के लिए स्वयं को तैयार करने का अवसर मिल रहा है। प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों में खेलों के प्रति रुचि बढ़ाने के साथ नई खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने का प्रयास किया जा रहा है।

 

 

Hamar Dhamtari
Author: Hamar Dhamtari

Leave a Comment