धमतरी। गाली-गलौज करने से मना करने की बात पर अपने पड़ोसी के पेट में चाकू से प्राणघातक हमला करने वाले आरोपी अवधराम साहू को चौकी करेलीबड़ी, थाना मगरलोड पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त धारदार स्टील का चाकू भी बरामद कर जब्त किया है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।
21 अक्टूबर 2026 को रात्रि लगभग 7:30 बजे रोशन साहू एवं पड़ोसी चुम्मन साहू ने आरोपी को गाली-गलौज करने से मना किया। इस बात से आक्रोशित होकर आरोपी ने अपने पास रखे सब्जी काटने के धारदार स्टील के चाकू से रोशन साहू के पेट पर जानलेवा वार कर दिया। चाकू के हमले में रोशन साहू गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल उपचार के लिए उर्मिला अस्पताल, रायपुर ले जाया गया, जहां आईसीयू में उनका उपचार जारी है।
रिपोर्ट पर पुलिस टीम ने त्वरित कार्यवाही करते हुए आरोपी की पतासाजी की और उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की। विवेचना के दौरान आरोपी के कथन के आधार पर उसके घर के आंगन में ईंट के टुकड़ों के नीचे छिपाकर रखा गया घटना में प्रयुक्त धारदार स्टील का चाकू बरामद कर जब्त किया गया। पुलिस ने 24 अक्टूबर को आरोपी अवधराम साहू को न्यायालय के समक्ष पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया।









