कुरुद। अन्नदाता गर्जना रैली की तैयारी को लेकर कुरुद कृषि उपज मंडी में बैठक आयोजित की गई। बैठक में धमतरी जिले के धमतरी, कुरुद, नगरी एवं मगरलोड ब्लॉक के पदाधिकारी शामिल हुए। इस दौरान आगामी 27 अक्टूबर को नया रायपुर स्थित महानदी भवन के समक्ष प्रस्तावित रैली को सफल बनाने की रणनीति पर चर्चा की गई।
बैठक में किसानों की विभिन्न समस्याओं एवं मांगों को प्रमुखता से उठाने का निर्णय लिया गया। प्रमुख मांगों में गोवंदन योजना लागू करने, जी-राम-जी योजना को गौ संरक्षण एवं संवर्धन से जोड़ने, वर्ष 2022-23 की धान खरीदी के बकाया 1700 करोड़ रुपये का तत्काल भुगतान करने तथा समर्थन मूल्य में वृद्धि का लाभ देते हुए 3358 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी करने की मांग शामिल है।
इसके अलावा धान खरीदी 15 नवंबर से 15 फरवरी तक करने, प्रति तौल अधिकतम 40 किलो 700 ग्राम निर्धारित करने, बाढ़ से फसल क्षति का सर्वे कर उचित मुआवजा देने, टोकन व्यवस्था में सुधार करने तथा किसानों पर दबाव डालकर बैंक खाते समर्पित कराने की प्रक्रिया बंद करने की मांग रखी गई।
बैठक में अधूरी सिंचाई परियोजनाओं को शीघ्र पूरा करने, पैरी हाईडैम जैसी नई परियोजनाओं को स्वीकृति देने, खाद की अधिक कीमत पर बिक्री रोकने, भूमि अधिग्रहण में उदयपुर डिक्लेरेशन के अनुरूप कार्य करने तथा मक्का और गेहूं की समर्थन मूल्य पर खरीदी की मांग को भी रैली में प्रमुखता ही से उठाने पर चर्चा हुई।
भारतीय किसान संघ धमतरी जिला अध्यक्ष लालाराम चंद्राकर ने किसानों के हितों से जुड़ी इन मांगों को लेकर अधिक से अधिक किसानों की सहभागिता सुनिश्चित करने का आह्वान किया। बैठक उपरांत कृषि उद्यानिकी भाटा गांव में भारतीय किसान संघ के पदाधिकारी के द्वारा वृक्षारोपण का कार्य किया गया।
बैठक में विभिन्न तहसील पदाधिकारी की उपस्थिति रही, जिसमें ललित सिंह, दुलार सिंह, विनय साहू, ठाकुर राम साहू, हेमेंद्र साहू, टोमन साहू, प्रदीप चंद्राकर शत्रुघ्न साहू, टू मेंद्र साहू राजकुमार चंद्राकर रामेश्वर सिंह हीरालाल साहू प्रदीप यादव ओंकार चंद्राकर लालाराम चंद्राकर गजाधर यादव सनी बैश सेवक राम साहू, खिलावन चंद्राकर संतराम साहू, डोमन साहू सहित अनेक किसान बैठक में उपस्थित थे।










