धमतरी। शहर के मराठापारा और बांसपारा में आधी रात को हुए बवाल और हंगामे पर मराठा समाज गुस्से में है. गुरुवार को 24 घंटे का अल्टीमेटम देने के बाद शुक्रवार को समाज के महिला-पुरुष और पदाधिकारी बड़ी संख्या में कोतवाली थाना पहुंचे. समाज ने पुलिस से कार्रवाई की जानकारी लेते हुए आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की. पुलिस ने समाज की ओर से दिए गए आवेदन के आधार पर एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है.
मराठा समाज के मुताबिक, 21 और 22 अक्टूबर की दरमियानी रात को यह हंगामा हुआ. करीब 20 से 22 युवक चेहरे पर गमछा और स्कार्फ बांधकर लाठी-डंडों और हथियारों के साथ मराठापारा और बांसपारा की गलियों में पहुंचे. इस दौरान युवकों पर गाली-गलौज कर मोहल्ले में दहशत फैलाने की कोशिश करने का आरोप है. घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसके बाद क्षेत्र के लोगों में नाराजगी बढ़ गई
घटना के विरोध में गुरुवार को मराठा समाज ने कोतवाली थाने पहुंचकर कार्रवाई की मांग की थी. समाज ने पुलिस को 24 घंटे का अल्टीमेटम देते हुए चेतावनी दी थी कि यदि आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई तो धमतरी बंद और उग्र आंदोलन किया जाएगा. इसी सिलसिले में शुक्रवार को समाज के लोग फिर थाने पहुंचे और पुलिस अधिकारियों से अब तक हुई कार्रवाई की जानकारी मांगी.दीपक लोंढे ने कहा कि रात के समय 20 से 22 युवक चेहरे ढंककर लाठी-डंडों और हथियारों के साथ मोहल्ले में घूम रहे थे और गाली-गलौज कर रहे थे. उनके मुताबिक, यदि उस दौरान कोई व्यक्ति उनके सामने आ जाता तो अप्रिय घटना भी हो सकती थी. समाज ने पुलिस से मामले में शामिल सभी लोगों की पहचान कर सख्त कार्रवाई करने की मांग की है.









