धमतरी। ‘ऑपरेशन निश्चय’ के तहत पुलिस ने मराठापारा क्षेत्र में 140 नाइट्राजेपाम टैबलेट के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने नशीली टैबलेट के परिवहन में प्रयुक्त जुपिटर स्कूटी को जब्त किया है।
थाना सिटी कोतवाली धमतरी पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि मराठापारा क्षेत्र में एक युवक प्रतिबंधित नशीली टैबलेट के अवैध परिवहन एवं बिक्री में संलिप्त है। सूचना पर पुलिस टीम ने त्वरित कार्यवाही करते हुए घेराबंदी कर संदेही को पकड़ा।
तलाशी के दौरान उसके कब्जे से हरे रंग की पॉलीथीन में रखी 14 स्ट्रिप में कुल 140 नग एनआरएक्स नाइट्राजेपाम टैबलेट्स आईपी (Nitrosun-10) बरामद की गईं। औषधि निरीक्षक श्री सुमीत देवांगन द्वारा मौके पर भौतिक सत्यापन किए जाने पर टैबलेट का कुल वजन 1.4 ग्राम पाया गया। पुलिस ने नशीली टैबलेट के परिवहन में प्रयुक्त जुपिटर स्कूटी क्रमांक CG-05-AM-0310 को भी जब्त किया।
पूछताछ में सप्लायर का नाम आया सामने, तलाश जारी
गिरफ्तार आरोपी की पहचान विशेष शर्मा, पिता संतोष शर्मा,उम्र 22 वर्ष, निवासी मराठापारा, धमतरी के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, पूछताछ एवं मेमोरेंडम कथन में आरोपी ने उक्त नशीली टैबलेट कहां से प्राप्त करता था उसके बारे में भी पता लगाया जा रहा है।
प्रकरण में इससे जुड़े कड़ी की भी तलाश की जा रही है तथा मामले में आगे की विवेचना जारी है। पुलिस द्वारा आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय,धमतरी के समक्ष न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है।









