दूषित पानी की सप्लाई, परेशान रहवासियों ने किया नगर निगम कार्यालय पहुंचकर प्रदर्शन

धमतरी। शहर में एक बार फिर दूषित पानी सप्लाई को लेकर रहवासियों का गुस्सा फूट पड़ा. सोरिद, जोधापुर और डाकबंगला वार्ड में दूषित पानी की सप्लाई से परेशान रहवासियों ने कांग्रेस पार्षदों के साथ नगर निगम कार्यालय पहुंचकर प्रदर्शन किया. इस दौरान गंदे पानी से भरी बोतल भी लाई गई. जिसे ग्लास में डालकर प्रदर्शन किया गया. वार्डवासियों का कहना था कि जिस पानी की सप्लाई घरों तक हो रही है, वह पीने तो दूर नहाने और कपड़े धोने के लायक भी नहीं है.
वार्डवासियों ने बताया कि पिछले डेढ़ महीने से उनके घरों में पाइपलाइन के जरिए गंदा और दूषित पानी पहुंच रहा है. इस समस्या को लेकर कई बार नगर निगम के अधिकारियों को जानकारी दी गई, लेकिन स्थायी समाधान नहीं हुआ. प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि समस्या का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन और तेज किया जाएगा.

प्रदर्शन के दौरान वार्डवासियों ने दूषित पानी से लोगों के बीमार पड़ने की बात कही. उनका आरोप है कि पिछले करीब एक सप्ताह से कई परिवारों के सदस्य उल्टी, दस्त और बुखार से परेशान हैं. कुछ लोगों को दो बार अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा है.

वार्डवासियों ने दावा किया कि दूषित पानी के कारण कुछ लोगों की मौत भी हुई है. हालांकि, इन मौतों का दूषित पानी से संबंध होने की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है. प्रदर्शनकारियों ने स्वास्थ्य संबंधी खतरे को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई की मांग की.

Hamar Dhamtari
Author: Hamar Dhamtari

Leave a Comment