दीपावली पर्व पर धमतरी पुलिस पूरी तरह अलर्ट एवं मुस्तैद: शहर के चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल तैनात, सुरक्षा व्यवस्था को लेकर लगातार पेट्रोलिंग एवं निगरानी जारी

धमतरी। दीपावली पर्व के दौरान आम नागरिकों की सुरक्षा, शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए धमतरी पुलिस द्वारा व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। पुलिस अधीक्षक  भावना पांडेय के निर्देशन में शहर के प्रमुख चौक-चौराहों, बाजारों, भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों, संवेदनशील स्थानों एवं प्रमुख मार्गों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है।

त्योहारी भीड़ को देखते हुए पुलिस द्वारा लगातार पैदल पेट्रोलिंग एवं वाहन पेट्रोलिंग की जा रही है। संदिग्ध गतिविधियों एवं असामाजिक तत्वों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के साथ ही महिलाओं, बच्चों एवं आम नागरिकों की सुरक्षा को प्राथमिकता दी जा रही है। किसी भी अप्रिय स्थिति से तत्काल निपटने के लिए पुलिस बल को सतर्क एवं मुस्तैद रखा गया है।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं सीएसपी धमतरी सहित समस्त अनुविभागीय पुलिस अधिकारियों द्वारा लगातार भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था, पुलिस बल की तैनाती एवं यातायात प्रबंधन की मॉनिटरिंग की जा रही है। वरिष्ठ अधिकारी स्वयं मैदानी स्तर पर व्यवस्थाओं का जायजा लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दे रहे हैं।

दीपावली के दौरान बाजारों में बढ़ने वाली भीड़ एवं वाहनों के दबाव को देखते हुए धमतरी पुलिस द्वारा पूर्व में ही वन-वे एवं निर्धारित पार्किंग स्थलों के संबंध में यातायात एडवाइजरी जारी की गई थी। इसके तहत यातायात पुलिस द्वारा प्रमुख मार्गों एवं बाजार क्षेत्रों में विशेष व्यवस्था की गई है, जिससे यातायात का संचालन सुचारू रूप से हो रहा है तथा आम नागरिकों को आवागमन में अनावश्यक परेशानी न हो।

Hamar Dhamtari
Author: Hamar Dhamtari

Leave a Comment