किसानों की सुविधा, धान की गुणवत्ता और पारदर्शी खरीदी सुनिश्चित करने अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश
धमतरी। खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के तहत जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की तैयारियों एवं व्यवस्थाओं का जायजा लेने कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने कोसमर्रा धान खरीदी केंद्र का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने केंद्र में उपलब्ध व्यवस्थाओं का बारीकी से अवलोकन कर संबंधित अधिकारियों से खरीदी प्रक्रिया की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने धान खरीदी केंद्र में किसानों के लिए पेयजल, छाया, बैठने की व्यवस्था तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने धान की गुणवत्ता की जांच, नमी मापक यंत्र, इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन, बारदाने की उपलब्धता और धान के सुरक्षित भंडारण की व्यवस्था का जायजा लेने पर जोर दिया।
कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि धान खरीदी प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी एवं सुव्यवस्थित होनी चाहिए। किसानों को टोकन के अनुसार धान विक्रय में किसी प्रकार की परेशानी न हो तथा तौल और पंजीयन की प्रक्रिया निर्धारित नियमों के अनुरूप संपन्न कराई जाए। उन्होंने केंद्र में साफ-सफाई, अभिलेखों के संधारण और खरीदी से संबंधित व्यवस्थाओं पर भी विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि धान खरीदी शासन की महत्वपूर्ण प्राथमिकता है। इसलिए किसानों को अनावश्यक इंतजार न करना पड़े और उनकी उपज का नियमानुसार समय पर खरीदी सुनिश्चित की जाए। किसी भी प्रकार की अनियमितता अथवा लापरवाही पाए जाने पर जिम्मेदारी तय की जाएगी।
इस अवसर पर एसडीएम कुरूद पीयूष तिवारी, तहसीलदार भखारा भूपेश चंद्राकर सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।







