Dhamtari: फल खरीदने रुके युवक से 10,000 की लूट का खुलासा, पुलिस ने दो आरोपियों को दबोचा

धमतरी।  सांकरा मोड़ के पास राहगीर से मारपीट कर लूटपाट करने वाले दोनों आरोपी को 24 घंटे के भीतर पुलिस ने गिरफ्तार किया। आरोपियों से 3700 रूपये नगदी एवं वारदात में प्रयुक्त पल्सर बाइक जब्त किया गया। दोनों आरोपियों को भेजा गया न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया ।

जानकारी के अनुसार ग्राम गातापार निवासी शीतल कुमार साहू शुक्रवार  को  अपने घर से मोटरसाइकिल क्रमांक CG 05 AP 2084 से ससुराल ग्राम भोथली में आयोजित नहावन कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। इसी दौरान दोपहर करीब 01:20 बजे ग्राम सांकरा मोड़ स्थित जरही माता मंदिर के पास फल खरीदने के लिए रुके। तभी ग्राम सांकरा की ओर से पल्सर मोटरसाइकिल पर सवार होकर आए दो युवकों ने  अकेला पाकर गाली-गलौज शुरू कर दी  और  उनकी जेब से 10,000 रूपये नगद, आधार कार्ड, पैन कार्ड एवं एटीएम कार्ड रखे पर्स को जबरन लूटकर फरार हो गए।

रिपोर्ट पर अर्जुनी पुलिस ने तत्काल आरोपियों की पतासाजी शुरू की।  पुलिस ने संदेहियों की पहचान कर ग्राम सांकरा निवासी नितिन साहू एवं संदीप सोरी उर्फ विनय को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने लूट की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया।

आरोपियों ने बताया कि लूट की 10,000 रूपये की रकम आपस में 5,000-5,000/-रूपये बांट ली थी तथा पर्स में रखे दस्तावेजों सहित पर्स को फेंक दिया था। लूटी गई रकम में से कुछ राशि खाने-पीने में खर्च कर दी गई थी। आरोपियों से 3,700 रूपये एवं घटना में प्रयुक्त एक पल्सर मोटरसाइकिल जब्त की गई। दोनों आरोपियों को  न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी, धमतरी के समक्ष पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

 

Hamar Dhamtari
Author: Hamar Dhamtari

Leave a Comment