कुरूद। आगामी नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 की तैयारियों को लेकर कांग्रेस ने अपनी संगठनात्मक गतिविधियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में धमतरी जिले के नवगठित नगर पंचायत, बड़े करेली में चुनावी तैयारियों को प्रभावी ढंग से संचालित करने के लिए प्रदेश नेतृत्व ने अहम नियुक्तियां की हैं।
जारी आदेश के अनुसार पर्यवेक्षक की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सिहावा विधानसभा क्षेत्र की पूर्व विधायक डॉ. लक्ष्मी ध्रुव को सौंपी गई है। उनके साथ वरिष्ठ नेता प्रभात राव मेघावाले और जिला पंचायत सदस्य नीलम चंद्राकर को सह-पर्यवेक्षक की जिम्मेदारी दी गई है। उल्लेखनीय है कि बड़े करेली को नवगठित नगर पंचायत का दर्जा मिलने के बाद यहां पहली बार नगरीय निकाय चुनाव होने जा रहे हैं।







