Dhamtari : कल से गुलजार होंगे जिले के सभी 108 धान उपार्जन केंद्र, खरीदी की तैयारियां पूर्ण

15 नवंबर से समर्थन मूल्य पर शुरू होगी धान खरीदी, पहले दिन 550 से अधिक किसानों ने कटवाए टोकन

36 बिंदुओं की चेकलिस्ट के आधार पर सभी केंद्रों में व्यवस्थाओं का किया गया सत्यापन, किसानों की सुविधा और सुव्यवस्थित खरीदी के लिए प्रशासन तैयार

धमतरी। खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के अंतर्गत धमतरी जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का कार्य कल 15 नवंबर ( जनजाति गौरव दिवस) से प्रारंभ होने जा रहा है। इसके लिए जिले के सभी 108 धान उपार्जन केंद्रों में आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। खरीदी केंद्रों को किसानों की सुविधा, पारदर्शिता और व्यवस्थित उपार्जन की दृष्टि से तैयार किया गया है। केंद्रों में उपलब्ध बुनियादी सुविधाओं से लेकर तकनीकी संसाधनों, तौल व्यवस्था, बारदानों, मानव संसाधन और धान के सुरक्षित भंडारण तक की व्यवस्थाओं का 36 बिंदुओं की चेकलिस्ट के आधार पर परीक्षण किया गया है।

धान खरीदी के पहले दिन जिले के 550 से अधिक किसानों ने अपनी उपज बेचने के लिए टोकन कटवाए हैं। पहले दिन टोकन प्राप्त किसानों से लगभग 20 हज़ार क्विंटल धान की खरीदी की जाएगी। इसके साथ ही जिले के सभी उपार्जन केंद्रों में खरीदी की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी और लंबे इंतजार के बाद केंद्र किसानों की चहल-पहल से गुलजार होंगे।

प्रशासन द्वारा प्रत्येक उपार्जन केंद्र में स्थल चयन, साफ-सफाई, फेंसिंग, विद्युत व्यवस्था, कंप्यूटर, प्रिंटर, यूपीएस, जनरेटर अथवा इन्वर्टर तथा इंटरनेट कनेक्टिविटी की उपलब्धता का परीक्षण किया गया है। इसी तरह इलेक्ट्रॉनिक तौल यंत्र, कांटा-बांट, बायोमेट्रिक डिवाइस और आर्द्रतामापी यंत्रों की उपलब्धता एवं कार्यशीलता की जांच की गई है। तौल उपकरणों का विधिक माप विज्ञान विभाग से सत्यापन, बारदानों की उपलब्धता, नए बारदानों पर स्टेंसिल, रंग एवं सुतली की व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई है।
कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा ने किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए केंद्रों में डाटा एंट्री ऑपरेटर, पर्याप्त कर्मचारियों और हमालों की व्यवस्था, धान के भंडारण के लिए पर्याप्त स्थान, चबूतरे, तारपोलिन और जल निकासी (ड्रेनेज) की व्यवस्था का भी जायजा लिया गया है। इसके अलावा किसान पंजीयन, नजदीकी संग्रहण केंद्र की दूरी, प्राथमिक उपचार पेटी, पेयजल, समर्थन मूल्य संबंधी बैनर-पोस्टर, एफएक्यू (औसत अच्छी किस्म) के मानकों एवं नमूने का प्रदर्शन, निगरानी समिति की नियुक्ति तथा सीसीटीवी कैमरों की उपलब्धता जैसे महत्वपूर्ण बिंदुओं का सत्यापन किया गया है।

आमदी धान उपार्जन केंद्र की चेकलिस्ट के अनुसार यहां 2.6380 हेक्टेयर भंडारण क्षेत्र, 13,600 क्विंटल की बफर लिमिट, 30 हजार नए बारदाने तथा 1,900 पीडीएस बारदाने उपलब्ध हैं। केंद्र में पांच तारपोलिन, इन्वर्टर, ड्रेनेज, पेयजल और प्राथमिक उपचार पेटी की व्यवस्था भी दर्ज की गई है। केंद्र में 1,318 किसानों का पंजीयन है। निकटतम संग्रहण केंद्र की दूरी 15 किलोमीटर है। धान की सुरक्षा एवं भंडारण व्यय के लिए 1 लाख 67 हजार 580 रुपये की अग्रिम राशि प्राप्त होने का भी उल्लेख है।

जिले के सभी 108 उपार्जन केंद्रों में व्यवस्थाओं का सत्यापन कर यह सुनिश्चित किया गया है कि खरीदी प्रारंभ होने के साथ ही किसानों को अपनी उपज बेचने में किसी प्रकार की परेशानी न हो। प्रशासन द्वारा खरीदी प्रक्रिया को सुचारु, पारदर्शी एवं किसान हितैषी बनाने के लिए आवश्यक तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। अब कल से धान उपार्जन केंद्रों में किसानों की आमद के साथ खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 की धान खरीदी का आगाज होगा।

Hamar Dhamtari
Author: Hamar Dhamtari

Leave a Comment