खैरागढ़। जिले के ग्राम गातापार में दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। पिछले करीब 15 दिनों से लापता 70 वर्षीय अनुसूईया बाई मंडावी का कंकाल रविवार को धान के खेत में बरामद हुआ। महिला के अवशेष मिलने की खबर फैलते ही गांव में सनसनी फैल गई।
परिजनों के मुताबिक, अनुसूईया बाई मंडावी करीब 15 दिनों से लापता थी। आसपास और गांव में पूछताछ करने के बाद भी महिला का कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद पुलिस में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई। महिला की तलाश में परिजनों के साथ ग्रामीणों ने भी काफी मशक्कत की। जंगल से लेकर आसपास के गांवों और खेतों तक खोजबीन की गई। ग्रामीणों के मुताबिक तलाश अभियान चलाया गया, लेकिन महिला का कोई पता नहीं चला। आखिरकार रविवार को धान के खेत में उनके कंकाल मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई।
कंकाल मिलने की सूचना पर पुलिस, वन विभाग और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। विशेषज्ञों ने घटना स्थल का निरीक्षण कर जरूरी साक्ष्य एकत्र किए। महिला के अवशेषों को जांच के लिए ले जाया गया है। अब फॉरेंसिक जांच और वन विभाग की निरीक्षण रिपोर्ट से मौत की परिस्थितियों का पता चल सकेगा।








