धमतरी। जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी व्यवस्था को पारदर्शी एवं सुव्यवस्थित बनाए रखने तथा अवैध धान के भंडारण और व्यापार पर नियंत्रण के लिए जिला प्रशासन द्वारा लगातार निगरानी एवं जांच की जा रही है। इसी क्रम में आज तहसीलदार, राजस्व विभाग के अधिकारियों एवं मंडी कर्मचारियों की संयुक्त टीम द्वारा आकस्मिक निरीक्षण कर दो स्थानों पर कार्रवाई की गई। इस दौरान कुल 120 कट्टा धान जब्त किया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम बिरझूली में छोटे व्यापारी राजेंद्र साहू के पास निर्धारित मात्रा से अधिक धान पाए जाने पर मंडी अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए 80 कट्टा धान जब्त किया गया।
इसी तरह, ग्राम सेमरा में फुटकर व्यापारी रमेश खंडेलवाल के दुकान परिसर का आकस्मिक निरीक्षण किया गया। जांच के दौरान परिसर में भंडारित 40 कट्टा अवैध धान पाए जाने पर टीम द्वारा उक्त धान जब्त कर मंडी अधिनियम के प्रावधानों के तहत कार्रवाई की गई। जब्त धान को आगे की नियमानुसार कार्रवाई के लिए दुकान संचालक रमेश खंडेलवाल की सुपुर्दगी में दिया गया।
जिला प्रशासन द्वारा धान के अवैध भंडारण, परिवहन एवं अनियमित व्यापार पर प्रभावी नियंत्रण के लिए राजस्व, खाद्य एवं मंडी विभाग की संयुक्त टीमों के माध्यम से सतत निगरानी रखी जा रही है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि धान खरीदी प्रक्रिया में अनियमितता, निर्धारित सीमा से अधिक भंडारण तथा नियमों के उल्लंघन के मामलों में नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी।








