धमतरी। जनजातीय समाज की गौरवशाली परंपराओं, संस्कृति और विरासत के सम्मान में विकासखंड नगरी के ग्राम दुगली में आयोजित जिला स्तरीय जनजातीय गौरव दिवस समारोह के अवसर पर विभिन्न विभागों द्वारा जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने के लिए प्रदर्शनी एवं शिविर लगाए गए। कार्यक्रम में प्रदेश के राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री तथा जिले के प्रभारी मंत्री टंकराम वर्मा और कांकेर लोकसभा क्षेत्र के सांसद भोजराज नाग सहित अन्य अतिथियों ने विभागीय स्टॉलों का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों से संवाद कर योजनाओं की जानकारी ली तथा पात्र हितग्राहियों तक शासकीय योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए विभागों द्वारा किए जा रहे प्रयासों की जानकारी प्राप्त की।
समारोह स्थल पर कृषि, पशुपालन, मत्स्य पालन, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, वन उपज, विद्युत विभाग सहित विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाए गए। अधिकारियों ने ग्रामीणों को विभागीय योजनाओं, उपलब्ध सुविधाओं और पात्रता संबंधी प्रावधानों की जानकारी देते हुए उनका लाभ लेने की प्रक्रिया से अवगत कराया। साथ ही पारंपरिक वैद्य प्रमाणीकरण सहित विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से ग्रामीणों को जागरूक किया गया। इन शिविरों का उद्देश्य जनजातीय एवं ग्रामीण अंचलों के लोगों को शासकीय योजनाओं से जोड़ना और उन्हें शासन की जनकल्याणकारी सुविधाओं का लाभ लेने के लिए प्रोत्साहित करना रहा।
स्वास्थ्य शिविर में 91 ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण, पांच हितग्राहियों को आयुष्मान कार्ड वितरित
स्वास्थ्य विभाग द्वारा समारोह स्थल पर आयोजित स्वास्थ्य शिविर में कुल 91 ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया तथा उन्हें निःशुल्क दवाइयां प्रदान की गईं। इस दौरान पांच हितग्राहियों को आयुष्मान कार्ड भी वितरित किए गए। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने ग्रामीणों को व्यक्तिगत स्वच्छता, साफ-सफाई, संतुलित आहार और मौसमी बीमारियों से बचाव के उपायों की जानकारी दी। साथ ही नियमित स्वास्थ्य जांच कराने और शासन द्वारा उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया गया।








