किराना दुकान से आत्मनिर्भर बनीं पूनम देवी

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन (बिहान) के माध्यम से ग्रामीण महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं। जशपुर जिले के दुलदुला विकासखंड के ग्राम सिमड़ा की पूनम देवी ने स्व-सहायता समूह से जुड़कर अपनी आजीविका को मजबूत किया है और ‘लखपति दीदी’ के रूप में नई पहचान बनाई है।

गणेश महिला स्व-सहायता समूह की सदस्य पूनम देवी पहले घर-गृहस्थी की जिम्मेदारियों तक सीमित थीं। परिवार की जरूरतें पूरी करने के लिए उन्हें मजदूरी का सहारा लेना पड़ता था। समूह से जुड़ने के बाद उन्हें बचत, ऋण सुविधा और स्वरोजगार के अवसरों की जानकारी मिली। अन्य महिलाओं को मछली पालन और बकरी पालन जैसी गतिविधियों से आय अर्जित करते देखकर उन्हें भी आगे बढ़ने की प्रेरणा मिली।

मार्च 2025 में पूनम देवी ने मुद्रा योजना के तहत 1 लाख रुपये का ऋण लेकर अपनी किराना दुकान का विस्तार किया। दुकान को व्यवस्थित करने के बाद कारोबार में धीरे-धीरे बढ़ोतरी हुई। वर्तमान में उनकी दुकान से हर माह लगभग 30 से 35 हजार रुपये की बिक्री हो रही है। इस व्यवसाय से वे परिवार के भरण-पोषण में सहयोग कर रही हैं और बच्चों की पढ़ाई-लिखाई का खर्च भी बेहतर ढंग से उठा पा रही हैं। पूनम देवी का कहना है कि स्व-सहायता समूह से जुड़ने के बाद उनमें आत्मविश्वास बढ़ा है और परिवार की आर्थिक स्थिति को संभालने में मदद मिली है।

आज पूनम देवी अपने परिवार का सहारा बनने के साथ गांव की अन्य महिलाओं के लिए भी प्रेरणा बन रही हैं। बिहान योजना के माध्यम से जिले में महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने और आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के प्रयास जारी हैं।

Hamar Dhamtari
Author: Hamar Dhamtari

Leave a Comment