धमतरी। थाना सिटी कोतवाली क्षेत्रांतर्गत मराठापारा एवं बांसपारा वार्ड में तलवार, चाकू, लाठी-डंडे एवं अन्य घातक हथियारों से लैस होकर मोहल्ले में दहशत फैलाने वाले नकाबपोश गिरोह के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए प्रकरण के एक और फरार आरोपी सौरभ हिरवानी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है। प्रकरण के अन्य फरार आरोपियों की तलाश लगातार जारी है।
जानकारी के अनुसार, दिनांक 21.10.2026 की रात्रि लगभग 12:00 बजे से 02:00 बजे के मध्य मराठापारा एवं बांसपारा वार्ड की गलियों में करीब 15 से 20 नकाबपोश युवकों के हाथों में लाठी, डंडे, रॉड, तलवार एवं चाकू जैसे घातक हथियार थे। सभी ने एक राय होकर अश्लील गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी तथा मोहल्ले के घरों के दरवाजों एवं दुकानों के शटरों को लाठी-डंडों से पीटकर भय एवं दहशत का माहौल निर्मित किया। इस घटना से क्षेत्र के रहवासी भयभीत हो गए तथा घरों से बाहर निकलने में भी असमर्थ रहे। घटना से क्षेत्र में शांति भंग होने एवं गंभीर अप्रिय स्थिति उत्पन्न होने की आशंका निर्मित हो गई थी।
प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना सिटी कोतवाली धमतरी में अपराध क्रमांक 271/2026, धारा 296, 351(2), 191(3), 189(4) भारतीय न्याय संहिता (BNS) एवं धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
प्रकरण में पुलिस द्वारा त्वरित कार्यवाही करते हुए पूर्व में दिनांक 24.10.2026 को आरोपी नोमेश पटेल सहित अन्य आरोपियों एवं विधि से संघर्षरत बालकों के विरुद्ध वैधानिक कार्यवाही कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेजा जा चुका है।
प्रकरण के अन्य फरार आरोपियों की पतासाजी के दौरान मुखबिर से प्राप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने आरोपी सौरभ हिरवानी की घेराबंदी कर उसे अभिरक्षा में लिया। पूछताछ एवं आवश्यक वैधानिक कार्यवाही के पश्चात आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर मान.न्यायालय धमतरी के समक्ष प्रस्तुत कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है।प्रकरण में शामिल अन्य फरार आरोपियों की पतासाजी एवं गिरफ्तारी के लिए पुलिस द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।







