प्रदेश के दस प्रमुख नगर निगमों के सीमा विस्तार की कवायद शुरू

रायपुर। छत्तीसगढ़ में शहरी विकास को नई दिशा देने के लिए प्रदेश के दस प्रमुख नगर निगमों के सीमा विस्तार की कवायद शुरू हो गई है। राजधानी रायपुर सहित दस शहरों के आसपास बसे ग्रामीण इलाकों को नगरीय क्षेत्र में शामिल करने की तैयारी की जा रही है। इसके लिए नगरीय प्रशासन एवं विकास संचालनालय ने संबंधित नगर निगमों से सीमावर्ती ग्राम पंचायतों और उनकी जनसंख्या की जानकारी तलब की है। प्रस्तावित विस्तार को मंजूरी मिलने के बाद ग्रामीण क्षेत्रों में शहरी स्तर की नागरिक सुविधाओं के विकास का रास्ता खुलेगा। खास बात यह है कि नए क्षेत्रों को नगर निगम की सीमा में शामिल करने पर केंद्र सरकार की ओर से आबादी के हिसाब से प्रति व्यक्ति दो हजार रुपये का अनुदान मिलने का प्रावधान है।

नगरीय प्रशासन एवं विकास संचालनालय ने रायपुर, भिलाई, बिलासपुर, कोरबा, दुर्ग, रायगढ़, राजनांदगांव, जगदलपुर, अंबिकापुर और रिसाली नगर निगमों को पत्र जारी किया है। इन निकायों से शहर की सीमा से लगे गांवों और ग्राम पंचायतों का विस्तृत विवरण मांगा गया है। इसके साथ ही वर्ष 2011 की जनगणना के आधार पर संबंधित ग्रामीण क्षेत्रों की आबादी की जानकारी उपलब्ध कराने को कहा गया है।

Hamar Dhamtari
Author: Hamar Dhamtari

Leave a Comment