धान के बाद अब खाद का भी डिजिटल टोकन,  मोबाइल से होगी बुकिंग

खैरागढ़। छत्तीसगढ़ में किसानों को रासायनिक खाद की उपलब्धता आसान बनाने और वितरण व्यवस्था को पारदर्शी बनाने के लिए डिजिटल तकनीक का इस्तेमाल किया जा रहा है। धान खरीदी में टोकन व्यवस्था के बाद अब किसान मोबाइल के माध्यम से खाद की बुकिंग भी कर सकेंगे।

केंद्र एवं राज्य सरकार की ओर से लागू नई उर्वरक वितरण प्रणाली के तहत किसानों को ‘फ्रेमवर्क फॉर फर्टिलाइजर सेल’ (Framework For Fertilizer Sale) मोबाइल ऐप पर पंजीयन करना होगा। खाद की बुकिंग के बाद मोबाइल पर जारी टोकन दिखाकर किसान संबंधित बिक्री केंद्र से उर्वरक प्राप्त कर सकेंगे। जिले में अब तक 2,259 किसानों को इस डिजिटल व्यवस्था के माध्यम से खाद उपलब्ध कराई जा चुकी है।

कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल और कृषि विभाग के उपसंचालक चित्रांगद कुमार ठाकुर के मार्गदर्शन में जिलेभर में नई खाद वितरण प्रणाली को प्रभावी बनाने की दिशा में काम किया जा रहा है। कृषि विभाग शासकीय और निजी उर्वरक विक्रेताओं के माध्यम से किसानों को खाद उपलब्ध कराने के साथ डिजिटल बुकिंग प्रक्रिया के संबंध में जागरूक कर रहा है।

नई व्यवस्था की खास बात यह है कि किसानों को उनके कृषि रकबे और फसल की आवश्यकता के आधार पर उर्वरक उपलब्ध कराया जाएगा। इसके लिए इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय, रायपुर द्वारा विभिन्न फसलों के लिए निर्धारित उर्वरक संबंधी अनुशंसाओं को आधार बनाया जाएगा। इससे किसानों को जरूरत से अधिक खाद खरीदने और असंतुलित मात्रा में उर्वरकों के इस्तेमाल से बचाने में मदद मिलेगी। साथ ही खेती पर होने वाले अनावश्यक खर्च को कम करने की संभावना है।

Hamar Dhamtari
Author: Hamar Dhamtari

Leave a Comment