भोपाल राव पवार शासकीय पॉलिटेक्निक धमतरी एवं शासकीय पॉलिटेक्निक कुरूद में विभिन्न पाठ्यक्रमों में प्रवेश का अवसर
धमतरी। तकनीकी शिक्षा संचालनालय, छत्तीसगढ़ द्वारा शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए पॉलिटेक्निक डिप्लोमा पाठ्यक्रमों में प्रवेश हेतु ऑनलाइन काउंसलिंग प्रक्रिया 11 जून से प्रारंभ की जा रही है। इसके अंतर्गत भोपाल राव पवार शासकीय पॉलिटेक्निक धमतरी तथा शासकीय पॉलिटेक्निक कुरूद में विभिन्न इंजीनियरिंग एवं तकनीकी पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए सीटें उपलब्ध हैं।
संस्था के प्राचार्य अमित मिश्रा ने बताया कि वर्ष 1962 से संचालित भोपाल राव पवार शासकीय पॉलिटेक्निक धमतरी तकनीकी शिक्षा के क्षेत्र में अपनी उत्कृष्ट पहचान बनाए हुए है। संस्थान में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ रोजगारोन्मुखी प्रशिक्षण पर विशेष ध्यान दिया जाता है। उन्होंने बताया कि शैक्षणिक सत्र 2025-26 में संस्थान के लगभग 70 विद्यार्थियों को विभिन्न प्लेसमेंट कैम्पों के माध्यम से रोजगार प्राप्त हुआ। संस्थान का अधिकतम वार्षिक पैकेज 5 लाख रुपये तथा औसत वार्षिक पैकेज 3.03 लाख रुपये रहा है। संस्थान के 1500 से अधिक पंजीकृत पूर्व छात्र (एलुमनी) विभिन्न क्षेत्रों में कार्यरत हैं और समय-समय पर विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करते हैं।
उन्होंने बताया कि विद्यार्थियों की सुविधा के लिए संस्थान में 200 बिस्तरों की क्षमता वाला बालक छात्रावास एवं 150 बिस्तरों की क्षमता वाला कन्या छात्रावास उपलब्ध है। इसके अलावा बैडमिंटन कोर्ट, जिम, कैंटीन सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं भी परिसर में उपलब्ध कराई गई हैं।
प्राचार्य श्री मिश्रा ने बताया कि भोपाल राव पवार शासकीय पॉलिटेक्निक धमतरी में प्रथम वर्ष में सिविल इंजीनियरिंग, मैकेनिकल इंजीनियरिंग, इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग, कंप्यूटर साइंस इंजीनियरिंग तथा इलेक्ट्रॉनिक्स एंड टेलीकम्युनिकेशन इंजीनियरिंग शाखाओं में कुल 250 सीटें उपलब्ध हैं। वहीं द्वितीय वर्ष (लेटरल एंट्री) में भी विभिन्न शाखाओं में प्रवेश के लिए सीटें निर्धारित की गई हैं।
इसी प्रकार शासकीय पॉलिटेक्निक कुरूद में सीमेंट टेक्नोलॉजी, बायोमेडिकल एंड इंस्ट्रूमेंटेशन, माइनिंग एंड माइन सर्वेइंग तथा कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग शाखाओं में प्रथम वर्ष एवं लेटरल एंट्री के माध्यम से प्रवेश की सुविधा उपलब्ध रहेगी।
उन्होंने बताया कि प्रथम चरण की ऑनलाइन काउंसलिंग के लिए पंजीयन 11 जून से 15 जून 2026 तक किया जा सकेगा। द्वितीय चरण की काउंसलिंग 26 जून से 30 जून 2026 तक आयोजित होगी, जबकि संस्थान स्तरीय काउंसलिंग 11 जुलाई से 16 जुलाई 2026 तक संपन्न की जाएगी।
प्रथम वर्ष में प्रवेश के लिए अभ्यर्थी का 10वीं उत्तीर्ण होना तथा प्री-पॉलिटेक्निक टेस्ट (पीपीटी) में सम्मिलित होना आवश्यक है। वहीं द्वितीय वर्ष (लेटरल एंट्री) में प्रवेश हेतु अभ्यर्थी का गणित विषय सहित 12वीं उत्तीर्ण होना अनिवार्य है। बायोमेडिकल एंड इंस्ट्रूमेंटेशन शाखा के लिए जीवविज्ञान विषय से 12वीं उत्तीर्ण अभ्यर्थी भी पात्र होंगे। इसके अतिरिक्त संबंधित ट्रेड में दो वर्षीय आईटीआई उत्तीर्ण अभ्यर्थी भी प्रवेश के लिए पात्र हैं।
प्रवेश प्रक्रिया को सरल एवं सुविधाजनक बनाने के लिए संस्थान में सुविधा केंद्र स्थापित किया गया है, जहां अभ्यर्थियों को निःशुल्क ऑनलाइन पंजीयन एवं प्रवेश संबंधी मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाएगा। प्राचार्य ने अभ्यर्थियों से निर्धारित समयावधि में ऑनलाइन पंजीयन कर प्रवेश प्रक्रिया का लाभ उठाने की अपील की है।







