धमतरी। सरस्वती ग्राम शिक्षा समिति, जिला धमतरी द्वारा आयोजित दस दिवसीय नवीन आचार्य प्रशिक्षण वर्ग 2026 के अंतर्गत भारत माता की भव्य महाआरती का आयोजन अत्यंत श्रद्धा, उत्साह एवं राष्ट्रभक्ति के वातावरण में सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर श्री दीपक ठाकुर, प्रांत युवा आयाम, हिन्दू जागरण मंच छत्तीसगढ़ मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ भारत माता के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं महाआरती के साथ हुआ। दीपक ठाकुर ने स्वयं भारत माता की आरती कर उपस्थित सभी शिक्षकों, मातृशक्ति एवं प्रशिक्षणार्थियों को राष्ट्रसेवा और भारतीय संस्कृति के प्रति समर्पण का संदेश दिया।
अपने प्रेरणादायी उद्बोधन में उन्होंने कहा कि भारत माता केवल एक भूभाग नहीं, बल्कि हमारी संस्कृति, सभ्यता, परंपराओं और सनातन जीवन मूल्यों की सजीव अभिव्यक्ति हैं। उन्होंने उपस्थित माताओं-बहनों एवं शिक्षकों से आह्वान किया कि वे अपने जीवन में भारतीय संस्कारों को आत्मसात करें तथा आने वाली पीढ़ी को भी राष्ट्रभक्ति, चरित्र निर्माण और सांस्कृतिक मूल्यों से जोड़ने का कार्य करें।
श्री ठाकुर ने कहा कि समाज और राष्ट्र की सुदृढ़ नींव संस्कारित परिवारों से निर्मित होती है। मातृशक्ति ही बच्चों के जीवन में प्रथम गुरु होती है, इसलिए राष्ट्रनिर्माण में उनकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने सभी माताओं-बहनों को भारत माता के आदर्शों एवं संस्कारों के अनुरूप जीवन जीने तथा परिवार और समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम बनने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में उपस्थित शिक्षकों एवं प्रशिक्षणार्थियों ने भी राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत वातावरण में भारत माता के जयघोष के साथ देश, समाज एवं संस्कृति के संरक्षण और संवर्धन का संकल्प लिया। महाआरती एवं प्रेरक उद्बोधन ने सभी उपस्थितजनों में राष्ट्रप्रेम, सांस्कृतिक चेतना और भारतीय जीवन मूल्यों के प्रति नई ऊर्जा एवं उत्साह का संचार किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे सरस्वती ग्राम शिक्षा समिति, जिला धमतरी के अध्यक्ष दीनबंधु सिन्हा ने मुख्य अतिथि श दीपक ठाकुर जी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनका मार्गदर्शन एवं प्रेरणादायी उद्बोधन सभी आचार्यों, मातृशक्ति एवं प्रशिक्षणार्थियों के लिए अत्यंत प्रेरक एवं उपयोगी रहा। उन्होंने राष्ट्रभक्ति, भारतीय संस्कृति एवं संस्कारों पर अपने विचारों के माध्यम से उपस्थित सभी लोगों में नई चेतना का संचार किया। श्री सिन्हा ने उनके आगमन को प्रशिक्षण वर्ग के लिए गौरवपूर्ण बताते हुए उनके प्रति समिति की ओर से हार्दिक धन्यवाद ज्ञापित किया।
विशिष्ट अतिथि ग्राम पंचायत छाती की सरपंच दनेश्वरी साहू ने भी दीपक ठाकुर के प्रति अपना आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भारत माता, भारतीय संस्कारों एवं राष्ट्रनिर्माण में मातृशक्ति की भूमिका पर उनके विचार अत्यंत प्रेरणादायक एवं अनुकरणीय हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रेरक व्यक्तित्व के मार्गदर्शन से समाज में सकारात्मक परिवर्तन एवं राष्ट्रभावना को और अधिक सुदृढ़ करने की प्रेरणा मिलती है। श्रीमती साहू ने उनके उज्ज्वल एवं ओजस्वी उद्बोधन के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया तथा उनके सामाजिक एवं राष्ट्रहित के कार्यों की सराहना की।
अंत में आयोजकों द्वारा मुख्य अतिथि श्री दीपक ठाकुर का अभिनंदन किया गया तथा उनके मार्गदर्शन के लिए आभार व्यक्त किया गया। कार्यक्रम का समापन “भारत माता की जय” और “वन्दे मातरम्” के गगनभेदी उद्घोष के साथ हुआ।








