धमतरी। कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने आज विकासखंड के ग्राम बिजनापुरी पहुंचकर अभिनव बुनकर सहकारी समिति का निरीक्षण किया तथा वहां संचालित हथकरघा गतिविधियों का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने समिति की सदस्य श्रीमती सुषमा बाई देवांगन सहित अन्य बुनकरों से चर्चा कर उनके कार्यों, उत्पादन प्रक्रिया एवं विपणन संबंधी गतिविधियों की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर को बताया गया कि समिति द्वारा पारंपरिक बिनगुटी, चारबुटी एवं देवली शैली की आकर्षक साड़ियों का निर्माण किया जाता है, जो अपनी विशिष्ट डिजाइन, बुनाई कला एवं सांस्कृतिक पहचान के लिए जानी जाती हैं। कलेक्टर ने बुनकरों द्वारा तैयार किए जा रहे उत्पादों की गुणवत्ता की सराहना करते हुए कहा कि स्थानीय हस्तशिल्प एवं हथकरघा कला जिले की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा है। इसके संरक्षण एवं संवर्धन के लिए निरंतर प्रयास किए जाने की आवश्यकता है।
उन्होंने कहा कि पारंपरिक कला को आधुनिक बाजार से जोड़कर बुनकरों की आय में वृद्धि की जा सकती है। इसके लिए उत्पादों की बेहतर ब्रांडिंग, पैकेजिंग, डिजिटलीकरण तथा विभिन्न प्रदर्शनियों एवं विपणन मंचों के माध्यम से व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाना चाहिए। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को बुनकरों को उपलब्ध शासकीय योजनाओं का अधिकतम लाभ दिलाने तथा उनकी आवश्यकताओं के अनुरूप सहयोग प्रदान करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने बुनकरों को नई तकनीकों, आधुनिक डिजाइन एवं बाजार की मांग के अनुरूप उत्पाद विकसित करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि स्थानीय बुनकरों की मेहनत, कौशल एवं पारंपरिक ज्ञान के बल पर जिले के हथकरघा उत्पादों को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिलेगी तथा इससे रोजगार और स्वरोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे। इस अवसर पर मुख्यकार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत गजेन्द्र ठाकुर, एसडीएम नभ सिंह सहित संबंधित अधिकारी उस्थित थे ।







