नगरी/गरियाबंद। नगरी-गरियाबंद मार्ग शुक्रवार देर शाम मछली व्यवसाय से जुड़े एक कारोबारी पर अज्ञात बदमाशों ने जानलेवा हमला कर दिया। वारदात से भय और सनसनी का माहौल है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार विपलभ मंडल (55 वर्ष) मूल रूप से कोलकाता के निवासी थे, वे पिछले 7-8 वर्षों से गरियाबंद जिले के ग्राम बोईरगांव दर्रीपारा में रहकर अपने साथी चुम्मन यादव के साथ नगरी के सिहावा रोड स्थित “एमएम फिश” नामक दुकान का संचालन करते थे। शुक्रवार रात दुकान बंद करने के बाद दोनों मोटरसाइकिल से बोईरगांव लौट रहे थे। इसी दौरान गोरेगांव से करीब तीन किलोमीटर आगे गरियाबंद मार्ग पर पहले कुछ लोगों ने उनका रास्ता रोक लिया। हमलावरों ने सबसे पहले विपलभ मंडल के सिर पर लकड़ी से हमला किया। वहीं, उनके साथी चुम्मन यादव की आंखों में मिर्च पाउडर फेंक दिया, जिससे वे किसी तरह अपनी जान बचाकर घटनास्थल से भाग निकले और गांव पहुंचकर घटना की जानकारी दी। बदमाशों ने विपलभ मंडल पर धारदार हथियार से ताबड़तोड़ वार किए। उनके शरीर पर कई गंभीर चोटें आई हैं।









